पेड़ लगाओ 250 से 350 रुपए पाओ
Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद में किसानों को पौधरोपण करने पर 250 से 350 रुपये प्रति पेड़ प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वन विभाग सर्वे करके किसानों के खातों में राशि भेजेगा। कार्बन क्रेडिट योजना से जुड़कर किसान पेड़ों की लकड़ी...

फर्रुखाबाद, संवाददाता। पेड़ लगाने वाले किसानों के लिए खुशखबरी है। अब पौधरोपण करने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 250 से 350 रुपए प्रति पेड़ के हिसाब से दिए जाएंगे। वन विभाग ऐसे किसानों का सर्वे कराकर उनको प्रोत्साहन राशि वितरित करेगा। इससे जहां पर्यावरण संरक्षण होगा तो वहीं किसानों की आमदनी बढ़ेगी। पौधरोपण करने वाले किसान अब खेतों या बाग, बगीचों में पेड़ लगाकर पैसे कमा सकेंगे। किसानों को एक पेड़ के प्रत्येक वर्ष 250 से 350 रुपये तक मिलेंगे। किसानों को कार्बन क्रेडिड योजना के तहत इसका लाभ दिया जाएगा। पेड़ों का सर्वे करने के बाद किसानों के खाते में रकम भेजी जाएगी। किसानों के द्वारा लगाए गए पेड़ जितना कार्बन सोखेंगे उतना ही कार्बन क्रेडिट के हिसाब से किसानो को रुपए दिए जाएंगे। इससे किसानों को पेड़ों की लकड़ियों की कीमत के साथ अतिरिक्त आय होगी। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक वर्ष जिले में लाखों पेड़ पर्यावरण संरक्षण के लिए लगाए जाते है। पेड़ लगाने के लिए किसानों को भी प्रेरित किया जाता है। अब उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए पेड़ों को कार्बन क्रेडिट योजना से जोड़ा जा रहा है। डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि कार्बन क्रेडिट योजना की शुरुआत की गई है। अब अगर किसान खेत, बाग या खाली पड़ी अपनी जगह में पेड़ लगाते है तो उनको प्रति पेड़ के हिसाब से 250 से 350 रुपए प्रति पेड़ कमाई हो सकती है। इस योजना से पेड़ लगाने के लिए किसान आगे आयेंगे किसानों को इससे आमदनी होगी तो वहीं पर्यावरण भी इससे संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
स्वतंत्र संस्था करेगी सर्वे जोड़े जाएंगे किसान
फर्रुखाबाद।
पेड़ लगाने वाले किसानों को कार्बन क्रेडिट योजना से जोड़ने का काम किया जायेगा। जिससे किसानों को पेड़ के काटे न जाने तक भुगतान किया जाएगा। सागौन और यूकेलिप्टस के पेड़ सबसे अधिक कार्बन का अवशोषण करते हैं। इन पेड़ों के ज्यादा पैसे मिलेंगे। वायु प्रदूषण को कम करने के लिए यह योजना शुरू की गई है। वन विभाग स्वतंत्र संस्था से सर्वे कराकर किसानों को योजना का लाभ दिलाने का काम करेगा।
कार्बन सोखने की क्षमता तय होगी
फर्रुखाबाद।
वैज्ञानिक फार्मूले के आधार पर पेड़ की कार्बन सोखने की क्षमता तय की जाएगी। उसी हिसाब से किसानों के खाते में पैसे भेजे जाएंगे। डीएफओ राजीव कुमार बताते हैं कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कार्बन क्रेडिट योजना के तहत कार्बन सोखो-पैसे कमाओं अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण को लेकर कार्य किया जाएगा। इससे न सिर्फ पेड़ लगाए जाएंगे साथ ही पेड़ों का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सकेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।