Grand Celebration of Lord Mahavir s Birth Anniversary in Firozabad जियो और जीने दो के उद्घोष से गूंजी सुहाग नगरी, Firozabad Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsFirozabad NewsGrand Celebration of Lord Mahavir s Birth Anniversary in Firozabad

जियो और जीने दो के उद्घोष से गूंजी सुहाग नगरी

Firozabad News - फिरोजाबाद में भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। शोभायात्रा में बच्चों द्वारा प्रभात फेरी, डांडिया नृत्य और विभिन्न झांकियाँ शामिल थीं। यात्रा का शुभारंभ मेयर कामिनी...

Newswrap हिन्दुस्तान, फिरोजाबादFri, 11 April 2025 04:05 AM
share Share
Follow Us on
जियो और जीने दो के उद्घोष से गूंजी सुहाग नगरी

फिरोजाबाद। सुहाग नगरी में जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव उल्लास के साथ मनाया। नगर में भगवान महावीर की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत हुआ। भगवान महावीर की आरती उतारी गई। यात्रा मार्ग भगवान महावीर के जियो और जीने दो के उद्घोष से गूंजता रहा। गुरुवार को नगर में सुबह निर्भय सागर पाठशाला के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। सुबह सात बजे पाठशाला के बच्चों द्वारा छदामीलाल दिगंबर जैन मंदिर से प्रभात फेरी निकाली गई। जो कि विभिन्न मार्गों से होती हुई कोटला रोड स्थित पीडी जैन कालेज के मैदान पर पहुंचकर संपन्न हुई। बच्चों ने अहिंसा परमोधर्म के जयकारे लगाने के साथ ही डांडिया नृत्य भी किया।

दोपहर बाद नगर में भगवान महावीर की शोभायात्रा निकाली गई। रथ यात्रा रसूलपुर स्थित राजा दालमिल से धूमधाम से शुरू हुई। यात्रा का शुभारंभ मेयर कामिनी राठौर एवं नगर विधायक मनीष असीजा ने हरी झंडी दिखा कर किया। शोभा यात्रा में सबसे आगे कई नौजवान धर्म पताका फहराते हुए चल रहे थे। उनके पीछे घोड़े पर सवार नगाड़ा वादक रथयात्रा यात्रा आने का संदेश दे रहे थे। यात्रा में कुंडलपुर भगवान महावीर के अभिषेक की झांकी, भगवान नेमिनाथ की बरात, श्री चंद्रप्रभु भगवान की छतरी की झांकी, मुनिश्री तरुण सागर का सन्देश, भगवान महावीर का पालना आकर्षण का केंद्र रहा।

शोभायात्रा में शामिल स्वर्ण रथ पर माँ जिनवाणी विराजमान थीं। जबकि रजत रथ पर भगवान महावीर की प्रतिमा विराजमान थी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने श्री जी के रथ की आरती उतारी। बालिकाएं डांडिया नृत्य करती हुई चल रही थी। शोभायात्रा नालबंद चौराहा, छोटा चौराहा, घंटाघर, सदर बाजार, मोहल्ला गंज, डाकघर चौराहा, कोटला रोड़ होते हुए देर शाम को पीडी जैन कालेज के सामने मेला प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई। जहां पर मेला प्रांगण में बने अस्थाई जिनालय में पाण्डुक शिला और श्री जी को विराजमान किया। मन्त्रोच्चारण के बीच उनका जिनाभिषेक किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।