सेहत के लिए वरदान सत्तू की सोंधी महक से बाजार गुलजार
Gangapar News - गौहनिया, हिन्दुस्तान संवाद। पोषक तत्वों से भरपूर सत्तू का सेवन गर्मियों में करने से न

पोषक तत्वों से भरपूर सत्तू का सेवन गर्मियों में करने से न केवल सेहत को कई तरह के फायदे मिलते हैं। बल्कि लोग सत्तू का उपयोग पराठा, लिट्टी चोखा और शरबत बनाने के लिए करते हैं। सत्तू का शरबत गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाकर कई तरह की बीमारियों को भी दूर रखता है। हां इन दिनों गांव के बाजार एक खास खुशबू से गुलजार हैं। जी हां यह खुशबू है सेहत को दुरुस्त रखने वाले सत्तू की। चना को जौ के साथ भूनकर तैयार होने वाले इस पारंपरिक व्यंजन की सोंधी महक लोगों को अपनी ओर खींच रही है। गर्मी के मौसम में गांवों का सत्तू लोगों की पहली पसंद बन गया है, जो न केवल स्वादिष्ट है बल्कि सेहत के लिए भी लाभकारी माना जाता है।
आज के आधुनिक युग में जहां खाद्य पदार्थों में मिलावट आम बात हो गई है, वहीं जसरा, गौहनिया, करमा, कौंधियारा, जारी, नारीबारी और शंकरगढ़ का सत्तू अभी भी अपनी शुद्धता बनाए हुए है। स्थानीय भड़भुजवा समाज के लोग इस पारंपरिक व्यापार को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ा रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सत्तू की गुणवत्ता में कोई कमी न आए। अपनी मेहनत और लागत के बावजूद, वे मिलावट से दूर रहकर लोगों को शुद्ध और पौष्टिक सत्तू उपलब्ध करा रहे हैं। गर्मी के दिनों में शरीर को ठंडक पहुंचाने और हाजमे को दुरुस्त रखने के लिए सत्तू एक बेहतरीन विकल्प है। इसे शक्कर, गुड़, दूध या नमक के साथ अपनी पसंद के अनुसार मिलाकर खाया जाता है, जिससे यह हर किसी के स्वाद के अनुरूप बन जाता है। इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। गर्मी से राहत चाहिए या बढ़ते वजन से हैं परेशान, सत्तू हर मर्ज का इलाज है। पोषक तत्वों से भरपूर सत्तू का सेवन गर्मियों में करने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। ऐसे बनाते हैं सत्तू एक किलो सत्तू बनाने की विधि बहुत ही सरल है। इसके लिए एक किलो 250 ग्राम चना, 100 ग्राम जौ और 100 ग्राम मटर की आवश्यकता होगी। सबसे पहले इन सभी को अच्छी तरह से धो लेंगे। धोने के बाद इन्हें धूप में फैलाकर हल्की नमी रहने तक सुखा लेते हैं। इसके बाद, इन्हें भार में भुना लें और फिर चक्की में पीसकर बारीक पाउडर बना लें। इसके बाद सत्तू बनकर तैयार हो जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।