मौसम:: 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा पारा, हीट वेव शुरू
Gorakhpur News - पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क हो गया है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। हीट वेव शुरू हो गई है, जिससे रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। जिला...

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क हो गया है। दिन में सूरज आग उगल रहा है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। इसके साथ ही इस सीजन में हीट वेव शुरू हो गई है। महानगर के आसमान से बादल गायब हो गए। धूल भरी हवा चलने लगी है। इसके कारण सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ। करीब हफ्तेभर बाद दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। सोमवार को सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ रहा। आसमान से बादल का नामोनिशान गायब हो गया। सूरज निकला। दिन चढ़ने के साथ सूरज के तेवर और तल्ख हो गए। दोपहर में सूरज की किरणें आग बरसाने लगीं। बीते 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हुआ रात का पारा
मौसम में बदलाव के साथ दिन के साथ रात के तापमान पर भी असर पड़ा है। रात का तापमान ऊपर चढ़ रहा है। इससे रात में गर्मी शुरू हो गई है। सोमवार को रात का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बीते 24 घंटे में रात के न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। इस दौरान हवा की नमी में गिरावट हुई है। न्यूनतम आर्द्रता में 13 फीसदी की गिरावट हुई है। सोमवार को अधिकतम आर्द्रता 81 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 29 फीसदी रही।
शुरू हुई हीट वेव
तापमान चढ़ने के साथ ही जिले में हीट वेव का प्रकोप शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को तापमान भले ही 40 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकिन हीट इंडेक्स करीब 50 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी हीट इंडेक्स 50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से शुक्रवार तक दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। रात के तापमान में इजाफा होगा। अगले 4 दिनों तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। इस दरम्यान आसमान साफ रहेगा।
जिला अस्पताल में बना 12 बेड का हीट वेव वार्ड
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। गर्मी की आहट होते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। अस्पतालों में हीट वेव वार्ड बनाए जा रहा हैं। जिला अस्पताल में 12 बेड का हीट वेव वार्ड (कूल वार्ड) बनाया गया है। शासन के निर्देश के बाद इस वार्ड का संचालन शुरू हो गया है। एक फिजिशियन को वार्ड की पूरी जिम्मेदारी दे दी गई है।
एसआईसी डॉ. संजय कुमार के निर्देश पर वार्ड बनाने के साथ ही ओआरएस काउंटर भी बना दिया गया है। पीने के ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। कूल वार्ड में तीन एसी लगाए गए हैं। जिससे कि हीट वेव से परेशान मरीजों को राहत मिल सके। इमरजेंसी गेट पर ही ओआरएस काउंटर बना दिया गया है। ताकि जरूरतमंदों को तत्काल ओआरएस मिल सके। एसआईसी ने सलाह दी है कि गर्मी में शरीर में पानी की कमी न होने दें। थोड़ी-थोड़ी देर पर पानी पीते रहें। ओआरएस का पैकेट घर पर रखें। जरूरत पड़ने पर तत्काल उसका उपयोग किया जा सके। उल्टी-दस्त होने पर तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।