नेशनल हेराल्ड केस भाजपा का षड्यंत्र: अलका लांबा
Varanasi News - वाराणसी में कांग्रेस महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने नेशनल हेराल्ड मामले को भाजपा का षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि ईडी के पास कोई साक्ष्य नहीं है और कांग्रेस इसका डटकर सामना करेगी।...

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। कांग्रेस महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र है। पार्टी इसका डटकर सामना करेगी। उन्होंने दावा किया कि ईडी के पास साक्ष्य नहीं। वर्ष 1937 में स्थापित नेशनल हेराल्ड आजादी की लड़ाई की धरोहर है। भाजपा इसे बंद करने का कुचक्र रच रही है। वह सोमवार को अंधरापुल स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि अखबार अंग्रेजों के दमन के खिलाफ आवाज उठाने के लिए स्थापित किया गया था। इसे संचालित रखने के लिए कांग्रेस ने अब तक 100 किस्तों में 90 करोड़ रुपए दिए हैं, न कि इस संस्था से कोई आर्थिक लाभ लिया। ईडी को केंद्र सरकार का ‘एक्सटॉर्शन डिपार्टमेंट बताते हुए कहा कि नौ अप्रैल को फाइल ईडी की चार्जशीट अब तक किसी के पास नहीं है। कारण है कि ईडी ने चार्जशीट न्यायालय में भेज तो दी लेकिन उसके पास साक्ष्य नहीं। इसका जवाब कांग्रेस न्यायालय में देगी। साथ ही जनता के बीच भी यह सच लाया जाएगा।
इस दौरान अलका लांबा ने वॉशिंग मशीन के साथ भाजपा नेताओं की तस्वीरों वाला पोस्टर जारी करके तंज कसा कि भाजपा में शामिल होते नेता ‘भ्रष्टाचार मुक्त हो जाते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश की जनता की आवाज हैं। वह संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हर कांग्रेसी उनके पीछे मजबूती से खड़ा है। प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, अनिल श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता सजीव सिंह, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव, महानगर अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।