गन्ना का रकबा बढ़ाने के लिए आगे आएं गन्ना किसान: उषा पाल
Gorakhpur News - गोरखपुर में गन्ना प्रतियोगिता के विजेताओं को उप गन्ना आयुक्त उषा पाल द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य गन्ने की उपज बढ़ाना है। विजेताओं को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति...

गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। क्षेत्रीय गन्ना प्रतियोगिता के विजेताओं को गोरखपुर क्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त कार्यालय के सभागार में उप गन्ना आयुक्त उषा पाल ने प्रशस्ति पत्र, चेक और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह की मुख्य अतिथि उप गन्ना आयुक्त उषा पाल ने कहा कि गन्ना प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रदेश की चीनी मिल क्षेत्र में गन्ने के प्रति हेक्टेयर उपज को बढ़ाना है। उन्होंने किसानों से अपील किया कि वे गन्ना का रकबा बढ़ाने के लिए आगे आएं। क्षेत्रीय गन्ना प्रतियोगिता के अंतर्गत 'शीघ्र पौधा संवर्ग' में बस्ती के गन्ना कृषक सिकंदर वर्मा को प्रथम पुरस्कार के रूप में सात हजार, महाराजगंज के विनय कुमार चौबे को द्वितीय पुरस्कार के रूप में पांच हजार और बस्ती के वारिस अली को तृतीय पुरस्कार के रूप में ढाई हजार की राशि दी गई।
वहीं, पेड़ी संवर्ग में महाराजगंज के सुधीर सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में सात हजार, कृष्ण कुमार सिंह को द्वितीय पुरस्कार के रूप में पांच हजार और अच्छे लाल को तृतीय पुरस्कार के रूप में ढाई हजार का चेक मिला। उप गन्ना आयुक्त उषा पाल ने कहा कि गन्ना प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रदेश की चीनी मिल क्षेत्र में गन्ने के प्रति हेक्टेयर उपज को बढ़ाना है। इसके लिए कृषकों में प्रतिस्पर्धा और उत्साह उत्पन्न करना आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली उत्कृष्ट पुरस्कार योजना और राज्य गन्ना प्रतियोगिता के बारे में भी जानकारी दी। किसानों को प्रेरित किया कि वे इसमें भाग लें। सम्मान समारोह का संचालन उपेंद्र सिंह ने किया। समारोह में गन्ना विभाग के केके रावत, जगदीश चंद्र यादव, नवदीप शुक्ला, सुनील कुमार यादव, सतीश सिंह, उपेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।