मुंबई इंडियंस ने RCB से छीना नंबर-1 का ताज, प्लेऑफ की रेस हुई दिलचस्प; ये 2 टीमें बाहर
IPL 2025 Updated Points Table- मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर IPL 2025 पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। टॉप-4 में इनके अलावा पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस हैं।

IPL 2025 Updated Points Table- हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 के 50वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 100 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ MI पॉइंट्स टेबल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पछाड़ नंबर-1 की पोजिशन पर पहुंच गई है। मुंबई की यह 11 मैचों में 7वीं जीत है। वहीं राजस्थान की टीम इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। RR प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली IPL 2025 की दूसरी टीम बनी है, उनसे पहले 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।
बात टॉप-4 की करें तो इस समय मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अलावा पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस यहां मौजूद हैं। मुंबई और बेंगलुरु के खाते में 14-14 अंक हैं तो वहीं पंजाब और गुजरात के नाम 13 और 12 पॉइंट्स हैं।
नंबर-5 पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स के खाते में भी 12 अंक है, मगर बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से गुजरात की टीम चौथे पायदान पर हैं।
RR और CSK के बाहर होने के बावजूद प्लेऑफ की रेस में रोमांच भरा हुआ है क्योंकि टॉप-4 पोजिशन के लिए अभी भी 8 टीमों के बीच जंग जारी है। हालांकि असली लड़ाई टॉप-5 टीमों के बीच ही है। आईए एक नजर डालते हैं IPL 2025 की लेटेस्ट पॉइंट्स टेबल पर-
IPL 2025 पॉइंट्स टेबल लेटेस्ट अपडेट-
टीम | मैच खेले | मैच जीते | मैच हारे | बेनतीजा | अंक | नेट रन रेट |
---|---|---|---|---|---|---|
मुंबई इंडियंस | 11 | 7 | 4 | 0 | 14 | +1.274 |
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 10 | 7 | 3 | 0 | 14 | +0.521 |
पंजाब किंग्स | 10 | 6 | 3 | 1 | 13 | +0.199 |
गुजरात टाइटंस | 9 | 6 | 3 | 0 | 12 | +0.748 |
दिल्ली कैपिटल्स | 10 | 6 | 4 | 0 | 12 | +0.362 |
लखनऊ सुपर जायंट्स | 10 | 5 | 5 | 0 | 10 | -0.325 |
कोलकाता नाइट राइडर्स | 10 | 4 | 5 | 1 | 9 | +0.080 |
राजस्थान रॉयल्स (E) | 11 | 3 | 8 | 0 | 6 | -0.780 |
सनराइजर्स हैदराबाद | 9 | 3 | 6 | 0 | 6 | -1.103 |
चेन्नई सुपर किंग्स (E) | 10 | 2 | 8 | 0 | 4 | -1.211 |
कैसा रहा RR बनाम MI मैच?
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने रोहित शर्मा और राइल रिकल्टन के अर्धशतकों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 217 रन बोर्ड पर लगाए। रोहित और रिकल्टन के अलावा सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पांड्या ने 48-48 रनों की नाबाद पारी खेली।
इस स्कोर का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम को उनके बल्लेबाजों ने बुरी तरह निराश किया। आरआर के खराब बैटिंग का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जोफ्रा आर्चर 30 रनों के साथ उनके सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। राजस्थान के बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस करने का काम ट्रेंट बोल्ट ने 3 विकेट लेकर किया। उनके अलावा करण शर्मा को भी इतनी ही सफलताएं मिली।