प्रधान के देवर की हाजिरी न लगाने पर रोजगार सेवक को पीटा, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
Hardoi News - हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र में मनरेगा मजदूरी की हाजिरी को लेकर ग्राम प्रधान ने ग्राम रोजगार सेवक की पिटाई की। ग्राम प्रधान का देवर बिना काम के नाम जोड़ने का दबाव बना रहा था। जब ग्राम रोजगार सेवक...

हरदोई, संवाददाता। हरदोई जिले में पाली थाना क्षेत्र में मनरेगा मजदूरी में ग्राम प्रधान के देवर की हाजिरी जीरो करने पर ग्राम प्रधान ने अपने पति व परिजनों के साथ मिलकर ग्राम रोजगार सेवक की पिटाई कर दी। जरूरी दस्तावेज फाड़ दिए। ग्राम रोजगार सेवक की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित चार पर मुकदमा दर्ज किया है। पाली थाना क्षेत्र के गांव रामापुर मिश्र निवासी आशीष कुमार ग्राम पंचायत दहिरापुर में ग्राम रोजगार सेवक के पद पर तैनात हंै। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान सोनी के पति दीपक ने अपने छोटे भाई मनोज का नाम मनरेगा मजदूर की लिस्ट में लिख दिया है।
बगैर काम किए ही उनकी हाजिरी लगाने को लेकर दबाव बनाने लगे। मेरे द्वारा बताया गया कि यह शासनादेश के विरुद्ध है। प्रधान के सगे संबंधियों का नाम नही लिखा जाएगा। आरोप है कि हाजिरी न लगाने पर प्रधान व अन्य लोग भड़क गए। मंगलवार को वह गुरधरु में रामनिवास के यहां आया था। ग्राम प्रधान सोनी के पति दीपक निवासी ने अपने यहां बुलाकर गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर प्रधान सोनी देवी ने पति दीपक, देवर मनोज व कृष्ण कुमार के साथ मिलकर घूसा, लात व थप्पड़ों से मारपीट की। मास्टर रोल फाड़ दिए। जान से मारने की धमकी दी। एसओ सोमपाल गंगवार ने बताया कि अभियोग दर्ज किया गया है। मामले कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।