वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मूर्ति की हुई प्राण प्रतिष्ठा
Jaunpur News - खानापट्टी गांव में श्रीराधा कृष्ण मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजनों के साथ श्रीराम, माता जानकी और भ्राता लक्ष्मण की मूर्तियों की शोभायात्रा और प्राण प्रतिष्ठा की गई। ग्रामीणों ने यज्ञ में आहुति दी और...

सिकरारा। खानापट्टी गांव में श्रीराधा कृष्ण मंदिर में शुक्रवार को भव्य धार्मिक आयोजनों व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम, माता जानकी एवं भ्राता लक्ष्मण की मूर्तियों की शोभायात्रा व प्राण प्रतिष्ठा विधि विधान से किया गया। घंटा, घड़ियाल व शंखनाद के साथ जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया। भक्तिमय माहौल में ग्रामीणों ने हवन पूजन कर मनोकामना पूर्ण करने हेतु यज्ञ में आहुति देने के साथ देर रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में सुबह से ही विद्वान कर्मकांडी ब्राह्मणों द्वारा पूजन अर्चन किया गया। उसके बाद तीनों मूर्तियों को दूध व गंगाजल से स्नान कराया गया।
निर्धारित समय पर तीनों मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा हुआ। मुख्य यजमान उदयराज सिंह सपत्नीक यज्ञ कुंड में आहुति दी। इससे पूर्व एक वाहन को रथ का स्वरूप देकर उसमें प्रभु श्रीराम जी, माता जानकी, भ्राता लक्ष्मण जी की मूर्तियों को रखकर आकर्षक ढंग से सजाकर गांव के ग्राम देवता मंदिर से पांच मंदिरों राधा कृष्ण भोलेनाथ मंदिर, विश्वंभर नाथ मंदिर, ओंकारेश्वर धाम मंदिर, दीनदयाल धाम तक भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान जय श्री राम का उद्घोष लोग करते रहे। शोभायात्रा पुन: श्रीराधा कृष्ण मंदिर परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। देर शाम को भजन कीर्तन के साथ लोगो ने विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर को आकर्षक झालरों व फूलों से सजाया गया था। इस अवसर पर जितेंद्र सिंह जंगली, भूपेंद्र सिंह मंगली, दिनेश सिंह, प्रधान पति सुशील सिंह, मनोज सिंह फौजी, सुरेन्द्र सिंह, राजीव सिंह, सुनील सिंह, शरद सिंह, रतन सिंह, पिंटू सिंह, रोहित सिंह, कृष्णा सिंगी, शैलेंद्र सिंह, आनंद सिंह, बाहुल सिंह, अमन सिंह, सौरभ सिंह, मनीष सिंह सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।