रफाका नाला में जा रहा कचरा, हटेगी विजय नगर मछली मंडी
Jhansi News - कानपुर में विजय नगर चौराहे के पास रफाका नाले के किनारे चल रही अवैध मछली मंडी को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त सुधीर कुमार गहलौत ने निरीक्षण के दौरान पाया कि मंडी के कारण नाले में रोजाना कचरा...

कानपुर, मुख्य संवाददाता। विजय नगर चौराहे के पास रफाका नाले के किनारे संचालित की जा रही अवैध मछली मंडी को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नालों की सफाई का निरीक्षण करने निकले नगर आयुक्त सुधीर कुमार गहलौत ने पड़ताल में पाया कि इस मंडी की वजह से नाले में रोज कचरा जा रहा है। रोजाना सफाई संभव नहीं है। लिहाजा तत्काल हटाने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रफाका नाले की सफाई फांसी मशीन से होती देखी। उन्होंने चीफ इंजीनियर सैय्यद फरीद अख्तर जैदी से कहा कि विजय नगर चौराहे के नीचे वाले सतह की विशेष रूप से सफाई की जाए।
चीफ इंजीनियर ने उन्हें बताया कि बगल में मछली मंडी से रोजाना मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। पिछले वर्ष भी कई बार इसी चौराहे पर नाले की सफाई करानी पड़ी थी। मंडी से निकला सारा कचरा लोग इसी नाले में डाल देते हैं। इससे सफाई बाधित होती है। आसपास रहने वाले लोग भी दुर्गंध से आजिज आ चुके हैं। इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल मछली मंडी हटाने के निर्देश दिए। कूड़े का उठान न होने पर भड़के फजलगंज कूड़ा अड्डे के पास नालियों में प्लास्टिक जमा होने पर नगर आयुक्त ने जोनल स्वच्छता अधिकारी जोन पांच की क्लास ले ली। बर्रा बाईपास से कर्रही की ओर जाने वाले मार्ग पर उन्होंने जगह-जगह कूड़ा फैला देखा। बर्रा बाईपास चौराहे पर पुलिस चौकी के पीछे भी कूड़ा मिला। इस पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई के लिए कहा। पनकी में निर्माणाधीन फुटसल ग्राउंड को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। वहीं सीएम ग्रिड के तहत बनाई जा रही सड़क को बरसात के पहले ही पूरा करने के लिए कहा। दूसरी ओर नगर आयुक्त के निर्देश पर बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसमें 750 क्यास्क, 45 बिल बोर्ड और 200 रोड क्रॉस बैनर हटाए गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।