मंझनपुर विधायक के खिलाफ सड़क पर सवर्ण आर्मी
Kausambi News - मंझनपुर में सवर्ण आर्मी ने विधायक इंद्रजीत सरोज के देवी-देवताओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में एक घंटे तक नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।...

मंझनपुर, संवाददाता देवी-देवताओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से खफा सवर्ण आर्मी बुधवार को सड़क पर उतर आई। कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव और मंझनपुर विधायक इंद्रजीत सरोज के खिलाफ कलक्ट्रेट में घंटे भर तक प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। विधायक के गुर्गों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया।
सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने कहा कि मंझनपुर विधायक ने आंबेडकर जयंती के दिन देवी-देवताओं का अपमान करके यह साफ कर दिया है कि उनकी मानसिकता कैसी है। वह किस तरह की घटिया विचारधारा से जुड़े हुए हैं। कहा कि उनकी टिप्पणी से समूचे सनातन धर्म अनुयायी आहत हैं। सनातन धर्म के लोग आने वाले चुनावों के समय में उनको इसका जवाब देंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि विधायक को अपने कृत्य के लिए सामूहिक तौर पर माफी मांगना चाहिए। अन्यथा उनको माफ नहीं किया जाएगा। कलक्ट्रेट में सवर्ण आर्मी के लोगों ने घंटे भर तक विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान मुर्दाबाद और होश में आओ जैसे नारे लगाए। इस मौके पर अनूप मिश्रा, गोपाल, प्रेमू मिश्रा, दीपक ठाकरे, देवेश भट्ट आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।