आग का गोला बनी स्कार्पियो, माता-भांजे जिंदा जलने से बचे
Kausambi News - प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोही पुल के ऊपर एक स्कार्पियो अचानक आग लगने से जल गई। मामा-भांजे ने कांच तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई। हादसे के कारण हाईवे पर पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस...
प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोही पुल के ऊपर गुरुवार शाम अचानक एक चलती स्कार्पियो आग का गोला बन गई। हादसे में उस पर सवार मामा-भांजे जिंदा जलने से बच गए। उन्होंने कांच तोड़ने के बाद बाहर निकलकर किसी तरह जान बचाई। घटना के चलते हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर का लंबा जाम लग गया। इससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस करीब दो घंटे बाद आवागमन सामान्य करवा सकी। प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र के नंदन तालाब निवासी आलोक कुमार मिश्रा गुरुवार को अपने भांजे प्रशांत शुक्ला के साथ किसी काम से मंझनपुर गए थे। शाम को लौटते वक्त रोही पुल के ऊपर पहुंचते ही उनकी चलती स्कार्पियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद वाहन के गेट भी लॉक हो गए थे। लिहाजा, उस पर सवार मामा-भांजे जान बचाने के लिए कांच तोड़कर किसी तरह बाहर निकले। घटना स्थल पर हाईवे के एक लेन में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। एक ही लेन चालू है। नतीजतन वाहनों का दबाव अधिक है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर का लंबा जाम लग गया। इसकी वजह से राहगीर परेशान हो गए। जानकारी होते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस वालों ने आग बुझने के बाद जलकर राख हो चुकी स्कार्पियो को किनारे कराकर मार्ग बहाल कराया। इससे पहले करीब दो घंटे तक भीषण जाम में फंसे लोग परेशान हुए। आरोप है कि सूचना देने के बाद भी अग्निशमन कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। आसपास आबादी भी नहीं है कि लोगों के घरों से आग बुझाने के लिए पानी का प्रबंध किया जाता। कुल मिलाकर पूरी स्कर्पियो जलकर खाक हो गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।