विपक्षी दलों ने बाबा साहब के सपनों को कुचला : केशव
Kausambi News - सोमवार को कौशाम्बी पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्षी दलों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को कुचलने का काम किया है। उन्होंने रसूलपुर गिरसा चौराहे का नाम आंबेडकर चौराहा...

एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को कौशाम्बी पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा समेत सभी विपक्षी दलों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को कुचलने का काम किया है। भाजपा एक-एक कर उनके सपनों को पूरा कर रही है। उन्होंने यहां 792. 22 लाख की लागत से बने नगर पालिका परिषद भरवारी के नव निर्मित कार्यालय का लोकार्पण किया। रसूलपुर गिरसा चौराहे पर संविधान निर्माता की प्रतिमा का अनावरण किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल बाबा साहब के दुश्मन हैं। नेहरू की सरकार में बाबा साहब को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ गया था। सपा सत्ता में आई तो उसने कन्नौज में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया। बसपा ने बाबा साहब के नाम पर सिर्फ वोट हासिल करने का काम किया है। जिनके लिए कुछ करने की जरूरत थी, उनके लिए कुछ भी नहीं किया। कहा कि विरोधी दलों ने अनेकों बार बाबा साहब को अपमानित करने का काम किया है। भाजपा उनके सिद्धांतों और संविधान पर विश्वास रखने वाली पार्टी है। संबोधन के दौरान वह पूरे समय विपक्ष पर हमलावर रहे। कहा कि बाबा साहब का सम्पूर्ण जीवन एक किताब है। हमें इस किताब में उनका पूरा जीवन पढ़कर समझना चाहिए। इससे संघर्षों के बीच आगे बढ़ने का साहस मिलता है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, चायल विधायक पूजा पाल, नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, पूर्व विधायक चायल संजय गुप्ता, पूर्व विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल, पूर्व विधायक मंझनपुर लाल बहादुर, मंझनपुर नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी, भाजपा जिला महामंत्री संजय जायसवाल आदि मौजूद रहे।
रसूलपुर गिरसा नहीं अब आंबेडकर चौराहा के नाम से जाना जाएगा
डिप्टी सीएम ने रसूलपुर गिरसा चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद कहा कि इस चौराहे को अब आंबेडकर चौराहा के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने नगर पालिका के नव निर्मित मल्टीप्लेक्स कार्यालय का नामकरण भी बाबा साहब के नाम पर कर दिया। इस पर लोगों ने खूब तालियां बजाईं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।