आरोपियों के भय से पीड़िता ने छोड़ा गांव
Kausambi News - पिपरी थाना क्षेत्र में एक छेड़खानी पीड़िता ने आरोपी के डर से गांव छोड़ दिया है और मौसी के पास शरण ली है। रविवार को आरोपियों ने उसके माता-पिता की पिटाई की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू...

पिपरी थाना क्षेत्र की एक छेड़खानी पीड़िता ने आरोपियों के आतंक से भयभीत होकर गांव छोड़ दिया। वह अपनी मौसी के यहां शरण लिए हुए है। इसके बाद भी आरोपी उसका पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। आरोप है कि रविवार की सुबह आरोपियों ने घर में घुसकर उसके माता-पिटाई की पिटाई कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी की तलाश शुरू कर दी है। पिपरी क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसकी बेटी के साथ एक मार्च को छेड़खानी की घटना हुई थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। इसकी वजह से उनका हौसला बढ़ा हु़आ है। वह आए दिन पूरे परिवार को धमकी देते हैं। स्कूल आते-जाते छेड़खानी पीड़िता से भी बदसलूकी करते थे। मोबाइल पर फोन कर पीड़िता को गाली-गलौज करते थे। इससे परेशान होकर पीड़िता गांव छोड़ मौसी के यहां चली गई है। आरोप है कि रविवार की सुबह आरोपियों ने घर में घुसकर पीड़िता के माता-पिता की जमकर पिटाई की। वह पीड़िता को बुलाने के लिए कह रहे थे। इस संबंध में पिपरी एसओ सिद्धार्थ सिंह का कहना है कि आरोपी अवध कुमार, उसके भाई देशराज व मां मसुरिया देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के माता-पिता का मेडिकल करा दिया गया है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।