शादी का झांसा देकर पांच साल से करता रहा दुष्कर्म
Kausambi News - कड़ा धाम क्षेत्र की एक महिला के साथ ग्राम प्रधान के देवर ने शादी का झांसा देकर पांच साल तक दुराचार किया। महिला को धमकी दी गई कि यदि वह मुंह खोलेगी तो उसे और उसके बच्चों को मार डाला जाएगा। मामले में...

कड़ा धाम क्षेत्र की एक महिला के साथ ग्राम प्रधान के देवर ने शादी का झांसा देकर पांच साल तक दरिंदगी की। इस दौरान मुंह खोलने पर उसे व उसके बच्चों को जहर देकर मार डालने की धमकी दी गई। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कड़ा धाम इलाके की महिला ने बताया कि उसके पति परदेश में रहते हैं। घर पर वह बच्चों के साथ रहती है। पीड़िता की मानें तो गांव में उसकी कई दुकानें हैं। इन्हीं में से दो दुकानों को ग्राम प्रधान के देवर ने किराए पर लिया था।
इसी बहाने से उससे मेलजोल बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने महिला को शादी का झांसा दिया और उसके साथ संबंध बना लिया। महिला विरोध करती तो आरोपी उसको बच्चों समेत जहर देकर मार डालने की धमकी देता था। यह सिलसिला पांच साल तक चलता रहा। पीड़िता का कहना है कि 23 अप्रैल की रात भी आरोपी ने घर में घुसकर उसके साथ दुराचार किया। इसी के बाद पता चला कि आरोपी दूसरी युवती से शादी करने जा रहा है। मामले में कड़ा धाम थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करा दी गई है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।