जनपद में कुक्कुट पालन को स्थापित होंगी 200 इकाइयां
Kushinagar News - कुशीनगर में अनुसूचित जाति की गरीब महिलाओं के लिए बैकयार्ड पोल्ट्री कार्यक्रम के तहत 2025-26 वित्तीय वर्ष में 200 कुक्कुट पालन इकाइयों का लक्ष्य रखा गया है। योजना में प्रति इकाई 3000 रूपये की सहायता...

कुशीनगर। कुक्कुट पालन करने वाली गरीब अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए यह अच्छी खबर है। बैकयार्ड पोल्ट्री कार्यक्रम (राष्ट्रीय योजना) के तहत वित्तीय वर्ष 2025 -26 के लिए जनपद में 200 कुक्कुट पालन की इकाइयों को स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सिर्फ अनुसूचित जाति के निर्बल वर्ग के महिलाओं के लिये मुर्गी पालन के लिए लाभान्वित किया जायेगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. रविन्द्र प्रसाद ने बताया कि निदेशक प्रशासन एवं विकास पशुपालन विभाग उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश पर अनुसूचित जातियों के लिए बैकयार्ड पोल्ट्री कार्यक्रम (राष्ट्रीय योजना) योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुक्कुट इकाईयों की स्थापना के लिए जनपद का लक्ष्य 200 आवंटित किया गया है, जिनका पात्रता अनुसार चयन किया जायेगा।
बताया कि योजना के प्रति इकाई 3000 रूपये की धनराशि निर्धारित है। इसमें 50 कुक्कुट, कुक्कुट भोजन सामग्री व पालन करने की व्यवस्था आदि प्रदान किया जायेगा। लाभार्थियों के चयन के लिए ग्राम प्रधान द्वारा प्रदत्त चयनित सूची का परीक्षण संबन्धित पशुचिकित्साधिकारी व पोल्ट्री प्रोग्राम आफिसर करेंगे। इसके बाद जनपद स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी की आध्यक्षता में मुख्य पशुचिक्तिसाधिकारी लाभार्थियों के चयन की अंतिम रूप प्रदान करेंगें। इसके लिए लाभार्थी अनुसूचित जाति की आर्थिक रूप से निर्बल वर्ग की महिला होगी। महिला लाभार्थियों का चयन ग्राम स्तर पर जिस ग्राम प्रधान द्वारा प्रस्तावित किया जायेगा। वह महिला लाभार्थी उसी ग्राम की निवासिनी होनी चाहिए। लाभार्थी की कुक्कुट पालन में रूचि हो। लाभार्थी के पास स्वयं का बैंक खाता हो। योजना के तहत लाभार्थी का चयन में जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड को अच्छादित किया जायेगा। इच्छुक पशुपालक इस योजना का लाभ लेने के लिए स्थानीय पशुचिकित्साधिकारी एवं उपमुख्य पशुचिकित्साधिकारी के माध्यम से आगामी 12 मई 2025 तक आवेदन-पत्र कार्यालय मुख्य पशुचिकित्साधिकारी विकास भवन कुशीनगर में आवश्य उपलब्ध करा दें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।