Let s debate on health services on an open platform Deputy CM Brajesh Pathak challenges Akhilesh स्वास्थ्य सेवाओं पर खुले मंच पर बहस कर लें, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक की अखिलेश को चुनौती, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUP NewsLet s debate on health services on an open platform Deputy CM Brajesh Pathak challenges Akhilesh

स्वास्थ्य सेवाओं पर खुले मंच पर बहस कर लें, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक की अखिलेश को चुनौती

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच एक्स पर डीएनए को लेकर वार-पलटवार का दौर कई दिनों से चल रहा है। इस बीच ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव को खुले मंच पर बहस की चुनौती दे दी है।

Yogesh Yadav कानपुर। प्रमुख संवाददाताFri, 13 June 2025 03:11 PM
share Share
Follow Us on
स्वास्थ्य सेवाओं पर खुले मंच पर बहस कर लें, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक की अखिलेश को चुनौती

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य सेवाओं की आलोचनाओं पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुली चुनौती दे दी है। कहा कि अखिलेश सार्वजनिक रूप से चिकित्सा सेवाओं पर मुझसे डिबेट कर लें। सच्चाई से वाकिफ हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश के पिता और खुद उनकी सरकारों में प्रदेश के अस्पताल तबेले और गुंडों के अड्डे बने थे। अब प्रदेश में निजी और सरकारी 80 मेडिकल कॉलेज हैं। सपा काल में सिर्फ 17 मेडिकल कालेज थे। ब्रजेश पाठक पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 11 साल सुशासन अभियान की कड़ी में भाजपा उत्तर जिले के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शिरकत करने आए थे।

उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव हताश हैं। वह एक्स पर लिखते हैं कि प्रदेश में चिकित्सा सेवाएं ठप हैं। वह वर्ष 2012 से 2017 तक खुद और इसके पहले तीन बार उनके पिता ने प्रदेश पर शासन किया। तब प्रदेश के अस्पताल बदहाल थे। आईने में धूल नहीं बल्कि उनके चेहरे और आंख पर धूल जमा है, तभी वह सच्चाई से दूर हैं।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से अखिलेश और ब्रजेश पाठक के बीच एक्स पर वार पलटवार का दौर चल रहा है। डीएनए पर सवाल उठने पर मामला पुलिस तक भी पहुंचा है। ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए एक्स पर लंबा पोस्ट भी लिखा था।

ये भी पढ़ें:आचरण और व्यवहार ठीक रखें, संघ प्रमुख मोहन भागवत की आरएसएस कार्यकर्ताओं को नसीहत

जल्द 40 मिनट में पूरा होगा लखनऊ का सफर

डिप्टी सीएम ने कहा कि स्वर्णिम चतुर्भुज सड़क योजना का कानपुर साक्षी बना है। रिंग रोड, एक्सप्रेस रोड, हाईवे से सीधे कनेक्ट हुआ है। चंद महीनों बाद कानपुर से लखनऊ का सड़क मार्ग से सफर 40 मिनट में पूरा होगा। पीएम मोदी के शासनकाल में भारत ने रक्षा, चिकित्सा सहित हर क्षेत्र में ऊंचाई का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारत जब आजादी के 100वें साल में होगा तो विश्व में भारत आर्थिक क्षेत्र में तीसरे नंबर पर होगा।

एमबीबीएस,एमडी की सीटें तीन गुना होंगी

उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिकित्सकों की संख्या भी बढ़ी है। जल्द ही एमबीबीएस और एमडी की सीटें तीन गुना होंगी। अखिलेश आलोचना करने के पहले अध्ययन करें। सपा और अखिलेश यादव सिर्फ परिवारवाद,जातिवाद और भ्रष्टाचार के दम पर सरकार बनाना चाहते हैं, वह सपना तो पूरा होने वाला नहीं है।

विकसित भारत बनने का सपना जल्द पूरा होगा

डिप्टी सीएम ने कहा कि 2014 के पहले देश विश्व में आर्थिक स्थिति में 11वें नंबर पर था। मोदी जब दूसरी बार पीएम बने तो ब्रिटेन को पछाड़ पांचवें स्थान पर और अभी हाल में देश जापान को पछाड़ आर्थिक स्थिति में चौथे पायदान पर काबिज है। यह 11 साल के पीएम के सुशासन का परिणाम है।

ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने दिखाया शौर्य

उन्होंने कहा कि पहलगाम में कानपुर के शुभम द्विवेदी भी शिकार हुए। इस घटना के बाद पीएम ने सेना को खूली छूट दी थी। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर में सेना का शौर्य दिखा। भारतीय सेना ने आतंकी ठिकाने नष्ट करने के साथ ही कई एयरबेस तबाह कर दिए। यह जख्म पाकिस्तान वर्षों तक न भर पाएगा। देश में जो नई शिक्षा नीति लागू हुई है, पीएम के राष्ट्र और जन प्रेम का प्रतीक है। अब बच्चे अपनी मातृ भाषा में शिक्षा ग्रहण करेंगे।

यह लोग रहे मौजूद

यहां सांसद रमेश अवस्थी, देवेंद्र सिंह भोले, महापौर प्रमिला पांडे, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान, सुरेश अवस्थी, रघुनंदन भदौरिया, अनूप अवस्थी, अनुराग शर्मा, शशांक मिश्र, भूपेश अवस्थी आदि रहे।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |