सात से ज्यादा फ्लाइटें लेट, एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा
Lucknow News - अमौसी एयरपोर्ट पर मंगलवार रात से सुबह तक कई फ्लाइटें लेट हुईं, जिसमें लखनऊ से दिल्ली की फ्लाइट 6ई 2704 छह घंटे लेट रही। यात्रियों ने हंगामा किया और मच्छरों की समस्या भी सामने आई। इंडिगो ने एयर ट्रैफिक...

अमौसी एयरपोर्ट पर मंगलवार रात से लेकर सुबह तक आधा दर्जन से ज्यादा फ्लाइटें लेट हुईं। लखनऊ एयरपोर्ट पर रात में दिल्ली की फ्लाइट लेट होने पर यात्रियों ने खूब हंगामा किया। फ्लाइटों के लेट होने की वजह दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे पर कंजेशन बताई जा रही है। लखनऊ से दिल्ली की फ्लाइट 6ई 2704 रात में छह घंटे लेट हुई। इसे 11:20 बजे यहां से उड़ान भरना था। इसकी वजह यह रही कि दिल्ली से 6ई 2703 को पहले यहां पहुंचना था। यही फ्लाइट 6 ई 2704 बनकर वापस दिल्ली जाती है। दिल्ली में बोर्डिंग शुरू ही नहीं हुई। इसके बाद काफी देर तक विमान टैक्सी वे में खड़ा रहा। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया तो जवाब में इंडिगो ने कहा कि ‘एयर ट्रैफिक कंजेशन की स्थिति हमारे नियंत्रण के बाहर है। इधर, लखनऊ एयरपोर्ट पर दिल्ली जाने वाले यात्री हंगामा करने लगे। इसी तरह लखनऊ से बेंगलुरु की फ्लाइट 6 ई 6354 को शाम 7:35 बजे रवाना होना था। यह फ्लाइट 9:15 बजे उड़ान भर सकी। यात्रियों की शिकायत है कि फ्लाइट के यात्रियों को विमान तक ले जाने वाली बस में ठूंस दिया गया। इसके बाद लम्बे वक्त तक यात्री बस में ही बैठे विमान तक पहुंचने का इंतजार करते रहे। इसी तरह दिल्ली लखनऊ फ्लाइट आईएक्स 1119, मुम्बई लखनऊ फ्लाइट 2058 और दम्माम लखनऊ फ्लाइट 6ई 097 भी लेट रहीं।
फ्लाइट में मच्छरों की उड़ान
लखनऊ से बेंगलुरु की फ्लाइट में बड़ी संख्या में मच्छर होने की यात्रियों ने शिकायत की है। फ्लाइट की 18 सी सीट पर बैठे यात्री ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इस मामले में इंडिगो की ओर से खेद जातते हुए भविष्य में सुधार करने का वादा किया गया है। इसके पूर्व लखनऊ एयरपोर्ट से चेन्नई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-643 के यात्रियों ने भी मच्छरों की शिकायत की थी। बावजूद इसके शिकायत निस्तारित नहीं की गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।