पुराने के बदले नए गहने देने का झांसा देकर ठगने वाले पांच गिरफ्तार
Lucknow News - मोहनलालगंज में झारखण्ड से आए ठग गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरोह की महिला सदस्य ने महिलाओं को पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन देने का झांसा देकर विश्वास जीत लिया और दस महिलाओं के...

मोहनलालगंज, संवाददाता। झारखण्ड से राजधानी आकर लोगों को पुराने बर्तन व गहने के बदले नए देने का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरोह की महिला सदस्य ने मोहनलालगंज के शिवढरा में लोगों को पुराने बर्तन के बदले नए देकर विश्वास में लेने के बाद दस महिलाओं के गहने लेकर भाग निकली थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी। एक मई को मोहनलालगंज के शिवढरा में एक महिला ने लोगों को पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन बदलने का झांसा दिया। कुछ महिलाओं ने पुराने बर्तन दिए जिसे बदल कर दूसरे दिन नए बर्तन दे दिये।
दूसरे दिन एक महिला की टूटी अंगूठी लेकर गई उसे लाकर नई अंगूठी दे दी। जिससे महिलाओं का विश्वास जीत लिया और चार मई को गांव की दस महिलाओं के पुराने गहने लेकर बदल कर नए गहने व पांच-पांच हजार रुपये देने का झांसा देकर चली गई। वापस न आने पर ठगी का एहसास होने पर जालसाजी का शिकार हुई नीलम ने 11 मई को मोहनलालगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मंगलवार को जालसाज महिला सहित पांच अभियुक्तों को कस्तूरबा गांधी विधालय के पास से गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्तों ने राजधानी के साथ रायबरेली, अमेठी, उन्नाव व कानपुर में घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है। ये हुए गिरफ्तार पुलिस ने गांव में जाकर ठगी करने वाली महिला प्यारीदेवी निवासिनी सोढा खाप झारखण्ड, विनोदमल पहाड़ी निवासी सोढाखाप, सेहवन मल्हार निवासी सिजुबा, मिथिलेश मल्हार निवासी किसगो व कारू मल्हार निवासी कटकम साड़ी को गिरफ्तार किया है। सभी झारखण्ड के रहने वाले हैं। फेरी लगाकर करते हैं ठगी इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरोह की महिला सदस्य गांवों में फेरी लगाकर पुराने बर्तन के बदले नये बर्तन देने का झांसा देकर घर घर की महिलाओं को विश्वास में लेने के बाद गहने लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस इनके अपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।