हिन्दू-मुस्लिम मिलकर मना रहे त्योहार, यहियागंज की परम्परा- ब्रजेश पाठक
Lucknow News - यहियागंज उद्योग व्यापार मंडल का होली एवं ईद मिलन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और डॉ. दिनेश शर्मा ने व्यापारियों की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस देश में सेवईं और...

यहियागंज उद्योग व्यापार मंडल का होली एवं ईद मिलन समारोह इस देश को सेवईं और गुझिया, दोनों की आवश्यकता- डॉ. दिनेश शर्मा
लखनऊ प्रमुख संवाददाता
सूबे के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यहियागंज के हिन्दू - मुस्लिम कारोबारी मिलकर त्योहार मनाते हैं। दोनों धर्मों के त्योहार साथ मनाने की परम्परा यहियागंज में हमेशा से रही है। यहियागंज उद्योग व्यापार मंडल के होली एवं ईद मिलन समारोह को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने यहां के कारोबारियों की प्रशंसा की। वहीं राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि इस देश में सेवईं और गुझिया दोनों की आवश्यकता है। यहियागंज उद्योग व्यापार मंडल के होली मिलन एवं ईद मिलन समारोह में उन्होंने लखनऊ व्यापार मंडल से सीख लेने को कहा।
नादान महल रोड स्थित सिद्धनाथ मन्दिर हॉल में बुधवार को समारोह हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डा. दिनेश शर्मा के स्वागत एवं सम्मान से हुई। उनको कुम्भ के प्रतीक स्वरूप कलश भेंट किया गया। साथ ही लखनऊ व्यापार मण्डल के चेयरमैन राजेन्द्र कुमार अग्रवाल को तलवार भेंट कर सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि आज यहियागंज व्यापार मण्डल अपनी एकजुटता की पराम्परा को कायम रखे हुए है। इसका श्रेय अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र को जाता है जिसके लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि लखनऊ व्यापार मण्डल को देखें तो सब एक दूसरे से मिलकर काम करते हैं। व्यापारियों के हित के लिए प्रयासरत रहते हैं। कोई किसी से जाति या धर्म नहीं पूछता है, इसी को संगठन कहते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी परम्परा कभी नहीं भूलनी चाहिए। हम सब लोग एक दूसरे के घर जाकर ईद एवं होली की शुभकामनाएं देते थे। आज युवा पीढ़ी मोबाइल पर सन्देश भेजकर मुबारकवाद दे रही है। यह ठीक नहीं, हमें अपनी सांस्कृतिक परम्परा को नहीं भूलना चाहिए। कोरोना काल में हमारे व्यापारी भामाशाहों ने बड़ी संख्या में लोगों की मदद की। उन्होंने कहा कि यहियागंज यहां का सबसे पुराना बाजार है। चारबाग से बसन्तकुंज योजना तक मेट्रो जो निकल रही है वह पुराने लखनऊ से होकर गुजरेगी, इस कमेटी में मैं भी था। मैंने कहा था कि हमारे व्यापारी को कोई नुकसान नहीं होना चाहिए। न ही मेरा व्यापारी कहीं विस्थापित होगा। सांसद ने कहा कि जहां कहीं भी आवश्यकता होगी वह मदद को तैयार हैं। लखनऊ व्यापार मंडल सार्वजनिक स्थान चिह्नित करे जहां पर सोलर लाइट और पानी के लिए वाटर कूलर लगवाए जा सकें।
अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने इस मौके पर गंगा जमुनी तहजीब को बढ़ावा देने व अपराध पर नियंत्रण पाने के लिए डीसीपी पश्चिम की टीम को शत्रुध्न सम्मान से सम्मानित किया गया। इसमें शत्रुघ्न सम्मान पत्र एवं सम्मान का प्रतीक धनुष बाण तथा अशोक की लाट देकर डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव, एडीसीपी धन्जय सिंह कुशवाहा, एसीपी चौक, राजकुमार सिंह, एसीपी बाजार खाला वीरेन्द्र विक्रम आदि को सम्मानित किया गया। अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र जी ने कहा कि व्यापारी समाज की न कोई जाति होती है न धर्म जो तराजू पकड़ता है वह बनिया होता है। हम सभी लोग कर्म से एक ही धर्म एवं जाति के हैं। इस मौके पर लखनऊ व्यापार मण्डल के कार्यवाहक अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता, महामंत्री अनुराग मिश्र, अभिषेक खरे, उमेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
यहियागंज बाजार के 16 व्यापारियों को सम्मान
इस मौके पर यहियागंज बाजार के 16 वरिष्ठ व्यापारियों को अंगवस्त्र, साफा बान्धकर प्रतीक चिह्न स्वरूप भामाशाह सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें नौशाद अली, सुनील कुमार, टीकम सुमानी, सखावत अली, विपिन रस्तोगी, हरिशंकर जायसवाल, सुधीर रस्तोगी, मोहम्मद शुएब, चरनजीत सिंह, हेमन्त रस्तोगी, चांद करन सिंघल, प्रभात चन्द्र रस्तोगी, दिनेश चन्द्र गुप्ता, अतुल अग्रवाल, पवन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, हरीश अग्रवाल शामिल हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।