डॉक्टर एयर कंडीशन में, तीमारदारों के रैन बसेरे में पंखे खराब
Lucknow News - बलरामपुर अस्पताल और केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के रैन बसेरे में तीमारदारों की स्थिति बहुत खराब है। गर्मी और उमस से राहत के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। पंखे खराब हैं और शौचालय भी बदहाल हैं। अधिकारियों ने...

डॉक्टर-कर्मचारी एयर कंडीशनर में। तीमारदारों के रैन बसेरे में पंखे खराब हैं। पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं। शौचालय तक बदहाल हैं। यह हाल है बलरामपुर अस्पताल व केजीएमयू के रैन बसेरे का। टिन शेड के नीचे तीमारदार तप रहे हैं। उन्हें राहत पहुंचाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। मंगलवार को हिन्दुस्तान ने बलरामपुर अस्पताल व केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के रैन बसेरे की पड़ताल की। रैन बसेरे की बदहाल तस्वीर सामने आई। पेश है रिपोर्ट... बलरामपुर अस्पताल में नई बिल्डिंग के सामने टिन शेड के नीचे रैन बसेरे का संचालन किया जा रहा है। इसमें 30 से 50 से ज्यादा तीमारदारों के ठहरने का इंतजाम हैं। रैन बसेरे में तीमारदारों को गर्मी से बचाव के इंतजाम नाकाफी हैं। करीब आधा दर्जन से ज्यादा पंखे खराब हैं। मंगलवार को तीमारदार हाथ के पंखे से गर्मी से बचाव का प्रयास कर रहे थे। कुछ तीमारदार तो पेड़ की छांव में बैठे नजर आए। तीमारदारों का कहना है कि टिन शेड में उमस और गर्मी ने बेहाल कर रखा है। रात में मच्छरों का आंतक है। अधिकारियों से शिकायत के बावजूद पंखे ठीक कराने की जहमत अधिकारी नहीं उठा रहे हैं। जबकि अधिकारी और कर्मचारी एयर कंडीशन में रहते हैं। निदेशक डॉ. संजय तेवतिया का कहना है कि रैन बसेरे के खराब पंखे ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। पीने के पाने के पर्याप्त इंतजाम हैं। शौचालय व साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
पंखे खराब, उमस गर्मी से तीमारदार परेशान
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के सामने टिन शेड के नीचे तीमारदार गर्मी में तप रहे हैं। यहां तो एक भी पंखा नहीं लगा है। गर्म हवा से तीमारदार बेहाल हैं। जमीन पर पन्नी या बिस्तर बिछाकर तीमारदार किसी तरह दिन गुजार रहे हैं। रात में मच्छरों ने परेशान कर रखा है। ट्रॉमा परिसर में टिन शेड का भी रैन बसेरा बना है। इसमें 200 से अधिक तीमारदारों के ठहरने की व्यवस्था है। इसमें भी 10 से ज्यादा पंखे खराब हैं। चार से पांच बड़े कूलर हैं। जिसमें से दो कुलर चलाए जा रहे हैं। उमस और गर्मी से तीमारदार बेहाल हैं। तीमारदार दिन भर पसीना पोछ रहे हैं। बस्ती निवासी सचिन प्रकाश का आरोप है कि डॉक्टर-कर्मचारियों के कमरे में एसी व पंखे चल रहे हैं। तीमारदारों के लिए कोई इंतजाम नहीं है। प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह का कहना है कि रैन बसेरे के खराब पंखे व कूलर ठीक कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनदेखी
बीते सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को हीट वेव से बचाने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में इलाज के पुख्ता इंतजाम करने की हिदायत दी है। लेकिन अफसर हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। मरीजों की तीमारदारी में लगे लोगों को भी हीट वेव से बचाव के इंतजाम नाकाफी हैं। अफसरों की हीलाहवाली से भीषण गर्मी में तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।