बोले मैनपुरी: आपने बोला तो हुकूमत ने सुना
Mainpuri News - मैनपुरी। हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद के सौ दिन पूरे हो गए। इन सौ दिनों में बोले मैनपुरी संवाद के तहत जनपद के विभिन्न स्थानों से जुड़ी विभिन्न समस

हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद के सौ दिन पूरे हो गए। इन सौ दिनों में बोले मैनपुरी संवाद के तहत जनपद के विभिन्न स्थानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर हिन्दुस्तान ने बात की। इस बातचीत के दौरान जनपद के लोगों ने बढ़ चढ़कर संवाद में भाग लिया और दिल खोलकर अपनी समस्याओं को रखा। समस्याओं के साथ-साथ हमने उन समूहों, संस्थानों के साथ भी संवाद किया जो मैनपुरी के विकास से सरोकार रखते हैं, जो लोगों की आवाज उठाते हैं। हमने पर्यटन विभाग से समन्वय बनाकर समान पक्षी विहार के अलावा विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को उठाया साथ ही मैनपुरी शहर के विभिन्न इलाकों की बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा के बिंदुओं पर फोकस किया। मैनपुरी में कैंसर जैसी महामारी से निजात कैसे मिले इस पर बात की। इन बिंदुओं पर संवाद हुआ तो विभिन्न स्थानों पर समस्याओं का समाधान भी हुआ। हमने 300 घरों में पानी की समस्या का समाधान कराया। साथ ही 50 लाख से अधिक की तीन नई सड़कों का निर्माण कराया। चार करोड़ की लागत से करहल चौराहे से लेकर सिंधिया तिराहे तक नाले की समस्या उठाकर बजट की व्यवस्था कराई।
बोले मैनपुरी संवाद को मैनपुरी के लोगों ने बहुत पसंद किया है। इस संवाद के दौरान नवीन मंडी की समस्याओं को उठाया गया। यहां बिजली, पानी, सफाई व्यवस्था, बदहाल सड़कों, खुले आसमान के नीचे पड़े रहने वाले किसानों के उत्पादन की समस्या प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखी। असर ये हुआ कि मंडी प्रशासन की नींद खुल गई और नियमित सफाई की व्यवस्था हो गई। पीने के पानी के इंतजाम किए गए। किशनी की मंडी हो या कुसमरा की मंडी, यहां भी इन समस्याओं के समाधान के लिए आवाज बुलंद की गई तो मंडी प्रशासन ने यहां भी समस्याओं के समाधान के प्रस्ताव तैयार करा लिए।
मैनपुरी शहर में करहल चौराहे से लेकर सिंधिया तिराहे तक जलभराव रहता है। इस समस्या को उठाया गया तो 4 करोड़ की लागत से नालों का निर्माण कराने के लिए बजट मंजूर हो गया। सड़क सुरक्षा की समस्या और हादसों में होने वाली मौत का मुद्दा बोले मैनपुरी संवाद के दौरान खूब उठा तो मैनपुरी यातायात पुलिस हरकत में आ गई। जगह-जगह चेकिंग शुरू हुई। लोगों को जागरूक किया गया। जुर्माना भी लगाकर यातायात के नियमों का पालन कराने का अभियान चलाया गया। ये अभियान अभी भी जारी है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में अवैध वाहनों की भीड़ का मुद्दा उठा तो प्रशासन ने इसे अभियान चलाकर दूर करने का फैसला किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।