यूपी में बड़ा हादसा: यमुना में नहाने गईं 4 बच्चियों की डूबने से मौत, 2 की हालत गंभीर
लड़कियों को डूबता देख वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिशें शुरू कीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी को गहरे पानी से बाहर निकाला गया। तब तक 4 लड़कियों की मौत हो चुकी थी। 2 को बचा लिया गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

यूपी के आगरा में मंगलवार को बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। यहां भीषण गर्मी के बीच यमुना नदी में नहाने गईं छह लड़कियां डूब गईं। उनमें से चार की मौत हो गई है। लड़कियों के परिवारों में कोहराम मच गया है। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पाकर डीएम और पुलिस-प्रशासन के कई बड़े अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल बचाव का काम शुरू कराया। हादसे में जिंदा बची दोनों बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में नगला नाथू के पास मंगलवार साढ़े 10 बजे के करीब ये लड़कियां यमुना नदी में नहाने गई थीं। इनमें 18 वर्षीय मुस्कान, उसकी छोटी बहन संध्या, दिव्या, चचेरी बहन नैना, मौसी की बहन सोनम, सुहानी शामिल थीं। उनके साथ उनका चचेरा भाई दीपेश भी था। दीपेश और उोसकी बहनें यमुना नदी में नहा रहे थे। तभी अचानक संध्या गहरे पानी में चली गई। उसे गहरे पानी में जाते देख बचाने के लिए मुस्कान और दिव्या भी गईं। लेकिन वे भी गहरे पानी में घिर गईं और डूबने लगीं।
लड़कियों को डूबता देख वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिशें शुरू कीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी को गहरे पानी से बाहर निकाला गया। तब तक 4 लड़कियों की मौत हो चुकी थी। दो लड़कियों को बचा लिया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता ठीक नहीं था। लोगों ने एंबुलेंस की बजाए अपने निजी साधनों से बच्चियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कच्चा रास्ता होने की वजह से राहत और बचाव के काम में मुश्किल भी आई।