मऊ विधानसभा सीट रिक्त घोषित, जल्द होगा उपचुनाव, प्रमुख सचिव ने जारी की अधिसूचना
मऊ से विधायक अब्बास अंसारी की सदस्यता खत्म होने के बाद उनकी सीट भी रिक्त घोषित हो गई है। इस संबंध में यूपी विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने रविवार को अधिसूचना जारी कर दी। अब यहां जल्द विधानसभा उपचुनाव घोषित होगा।

मऊ से विधायक अब्बास अंसारी की सदस्यता खत्म होने के बाद उनकी सीट भी रिक्त घोषित हो गई है। इस संबंध में यूपी विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने रविवार को अधिसूचना जारी कर दी। अब यहां जल्द विधानसभा उपचुनाव घोषित होगा। इसके लिए चुनाव आयोग कार्यक्रम जारी करेगा। इसके लिए रविवार को अवकाश के दिन बकायदा विधानसभा सचिवालय खोलकर आदेश जारी किया गया। अधिसूचना में कहा गया है कि अब्बास अंसारी 31 मई से विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य घोषित माने जाएंगे। इसलिए अब्बास अंसारी की मऊ सीट 31 मई से रिक्त घोषित मानी जाएगी।
असल में सीट रिक्त घोषित करने में विधानसभा सचिवालय की ओर से खासी तेजी भी दिखाई गई। अब्बास अंसारी सुभासपा के टिकट पर वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव जीते थे। तब सुभासपा व सपा का चुनावी गठजोड़ था। सीट वितरण समझौते में सपा के अब्बास अंसारी को सुभासपा ने अपने टिकट पर चुनाव लड़ा दिया था। बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी सपा सुभासपा के टिकट पर चुनाव जीत गए और उसके बाद नफरती भाषण दिया, जिसके तहत अब मऊ की एमपी व एमएलए कोर्ट ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई।
18वीं विधानसभा में अब तक छह सदस्यों की गई विधायकी
अब्बास अंसारी की सदस्यता जाने से पहले भी मौजूदा 18वीं विधानसभा में पांच लोगों की विधायकी जा चुकी है। इनमें इरफान सोलंकी, आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खां, राम दुलार, विक्रम सैनी शामिल हैं। इन सभी को विभिन्न मामलों में अदालत ने दो साल या उससे ज्यादा की सजा सुनाई और इस कारण इनकी सदस्यता चली गई थी। यह सभी अलग-अलग दलों से वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव जीते थे।