ऑपरेशन सिंदूर नारी शक्ति की मिसाल है : विजया राहटकर
Meerut News - महिलाएं घर से लेकर फाइटर प्लेन तक हर क्षेत्र में सक्षम हैं। शिक्षित महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर देश को सशक्त कर रही हैं। कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकने के लिए जागरूकता जरूरी है। सुभारती...

महिलाएं घर चलाने से लेकर फाइटर प्लेन चलाने में सक्षम हैं। शिक्षित महिला अपने अधिकारों के प्रति जागरुक होकर देश को सशक्त करने में अपनी भूमिका निभा रही हैं। कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकने में जागरुकता सबसे बड़ा हथियार है। लिंग भेदभाव रहित समाज निर्माण से देश का विकास होगा और कुरीतियां दूर होंगी। प्रत्येक विवि एवं कॉलेज शिक्षक और विद्यार्थियों को पॉश अधिनियम एवं पॉक्सो अधिनियम की जानकारी होनी चाहिए। ऑपरेशन सिंदूर नारी शक्ति की मिसाल है। सुभारती विवि में राष्ट्रीय महिला आयोग एवं युवा मंथन के संयुक्त तत्वावधान में लिंग संवेदनशीलता एवं पॉश जागरुकता कार्यशाला में पहुंची राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने उक्त बात कही।
देशभर में प्रस्तावित कैंपस कॉलिंग अभियान के शुभारंभ के तहत विजया राहटकर ने विवि के चार विद्यार्थी देविका सिंह, आशी, ओम ठाकुर एवं सैयद हम्माद जफर को बतौर कैंपस एंबेसडर नामित किया। विवि के आईपीआर सेल, महिला सशक्तिकरण समिति, लिंग संवेदनशीलता सेल, लिंग समानता और समान अवसर सेल द्वारा संयुक्त रूप से हुए कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शल्या राज ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जागरुकता पर जोर दिया। कुलपति मेजर जनरल डॉ. जीके थपलियाल ने कहा कि शिक्षित महिला ही सशक्त बनती है। महिलाओं के उत्थान के लिए आर्थिक स्वतंत्रता जरूरी है। आयोग से तुनिका ने रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम 2013 और कामाक्षी ने साइबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण की जानकारी दी। डॉ. अंजलि खरे, निजी सचिव राम अवतार सिंह, युवा मंथन के निदेशक नितिन अग्रवाल, डॉ. रीना विश्नोई, डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. निशा राणा, डॉ. राखी झा, डॉ. निशा सिंह, डॉ. मंजू अधिकारी, डॉ. पिंटू मिश्रा, डॉ. सोकिन्द्र कुमार एवं डॉ. संगीता मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।