विधि चौधरी ने शाट पुट में जीता स्वर्ण पदक
Meerut News - मेरठ की विधि चौधरी ने केरल के कोच्चि में खेली जा रही राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में शाटपुट में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 16.10 मीटर की थ्रो की। दिल्ली की सृष्टि और हरियाणा की...

मेरठ। केरल के कोच्चि में खेली जा रही राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक चैंपियनशिप के तीसरे दिन भी मेरठ की झोली में स्वर्ण पदक आया। शाटपुट में राष्ट्रीय खिलाड़ी मेरठ की विधि चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 16.10 मीटर की थ्रो की। दूसरे स्थान पर दिल्ली की सृष्टि विज रही। उन्होंने कुल 16.06 मीटर की थ्रो की। तीसरे स्थान पर हरियाणा की शिक्षा रहीं। उन्होंने 16.05 मीटर थ्रो किया। विधि चौधरी मेरठ में कैलाश प्रकाश स्टेडियम में कोच रोबिन से प्रशिक्षण ले रही हैं। विधि ईस्टर्न रेलवे कोलकाता में कार्यरत हैं। मूलरूप से रोहटा ब्लाक के हसनपुर रजापुर गांव निवासी विधि ने अपने छह प्रयास के पहले ही प्रयास में 15.35 मीटर की दूरी तय की। दूसरे प्रयास में 15.56 दूरी तक गोला फेंका। तीसरे प्रयास में 16.00 मीटर दूरी तय करने में कामयाब रहीं। चौथे प्रयास में उन्होंने 16.10 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी तय की। उनका पांचवां प्रयास फाल्स रहा। आखिरी प्रयास में उन्होंने 15.81 मीटर की दूरी तय की। विधि के पिता बच्चू सिंह किसान हैं और माता शिक्षा गृहणी हैं। दो बहनों में विधि दूसरे नंबर की हैं। बड़ी बहन साधना भी एथलीट हैं और हरियाणा में प्रशिक्षण ले रहीं हैं। विधि ने 2022 में राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। 2023 में खेलो इंडिया में स्वर्ण पदक हासिल किया। 2024 में राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीता।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।