रैपिड रेल: शताब्दीनगर से बहुत जल्द होगी नमो भारत की शुरुआत
Meerut News - दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर के शताब्दीनगर स्टेशन से नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन जल्द ही शुरू होगा। एनसीआरटीसी ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं और सुरक्षा प्रमाण पत्र की प्रतीक्षा की जा रही है।...

दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर पर अब जल्द ही मेरठ के शताब्दीनगर से दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक लोगों को सफर की सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए एनसीआरटीसी की ओर से सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। उम्मीद है कि जैसे ही सीएमआरएस की ओर से सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी होगा तो उसके बाद संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। बुधवार को एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने मीडिया के साथ शताब्दीनगर स्टेशन का जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा कि शताब्दीनगर से संचालन की सारी तैयारी हो चुकी है। इसके लिए केवल सुरक्षा प्रमाण पत्र का इंतजार है। सुरक्षा प्रमाण पत्र मिलते ही शताब्दीनगर स्टेशन से नमो भारत और मेरठ मेट्रो की सुविधा प्रारंभ कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बहुत जल्द बेगमपुल तक नमो भारत और मेट्रो का ट्रायल प्रारंभ कर दिया जाएगा। वैसे दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक रैपिड रेल कॉरिडोर का 82 किलोमीटर का सफर जून 2025 में होगा।
फिलहाल नमो भारत न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किलोमीटर के खंड पर संचालित हो रही है। मेरठ साउथ के बाद अगला स्टेशन (मेरठ-मोदीपुरम की ओर) शताब्दीनगर है। यह छह किलोमीटर एलिवेटेड कॉरिडोर है। शताब्दीनगर स्टेशन की लंबाई 215 मीटर है जबकि चौड़ाई 30 मीटर और ऊंचाई 15 मीटर है। इस स्टेशन पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो, दोनों का स्टॉपेज होगा।
मेरठ मेट्रो का चौथा स्टेशन
देश में पहली बार सेमी हाई स्पीड नमो भारत और मेट्रो ट्रेन एक ही इन्फ्रास्ट्रक्चर और एक ही ट्रैक पर मेरठ शहर में दौड़ती दिखाई देगी। मेरठ साउथ से यात्रियों को मेरठ मेट्रो की बेहतर सुविधा मिलेगी। मेरठ मेट्रो के लिए शताब्दीनगर चौथा स्टेशन होगा। इस खंड पर एनसीआरटीसी की ओर से नमो भारत और मेरठ मेट्रो का ट्रायल रन जारी है।
परतापुर मेट्रो स्टेशन के पास रेलवे स्टेशन
मेरठ साउथ के बाद मेरठ मेट्रो का अगला स्टॉपेज परतापुर मेट्रो स्टेशन है। इस स्टेशन पर फिनिशिंग कार्य जारी है। यह एक मेट्रो स्टेशन है, जिसकी लंबाई करीब 75 मीटर है। इस स्टेशन पर नमो भारत का स्टॉपेज नहीं होगा। परतापुर स्टेशन के पास में ही भारतीय रेलवे का परतापुर रेलवे स्टेशन भी है।
रिठानी स्टेशन
परतापुर के बाद रिठानी मेट्रो स्टेशन है, जहां के नजदीक कुछ औद्योगिक क्षेत्र भी बने हैं। स्टेशन की लंबाई 75 मीटर और ऊंचाई करीब 15 मीटर है। स्टेशन में फिनिशिंग कार्य तीव्र गति से जारी है, जो समाप्ति की ओर है। स्टेशन पर दो एंट्री-एग्जिट हैं, जिनमें से एक का काम लगभग पूर्ण हो गया है। स्टेशन के तकनीकी कमरे भी तैयार हैं।
मेरठ मेट्रो की खासियत
-अत्याधुनिक बॉडी डिजाइन, 3.2 मीटर चौड़े और 22 मीटर लंबे स्टेनलेस स्टील कोच
-करीब 175 सीटों वाली 3 कोच की मेट्रो ट्रेन, 700 से अधिक यात्री एक बार में कर सकेंगे सफर
-एर्गोनॉमिक डिजाइन, 2x2 स्टाइल की आरामदायक सीटें, सामान रखने के लिए रैक
-खड़े होने वाले यात्रियों के लिए सीटों पर ग्रैब हैंडल के साथ आधुनिक इंटीरियर
-'मेक-इन-इंडिया' का शानदार उदाहरण, भारत में ही 100 प्रतिशत डिजाइन और निर्माण।
-----------------
शताब्दीनगर से संचालन बहुत जल्द
मेरठ के शताब्दीनगर स्टेशन से नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन बहुत जल्द होने जा रहा है। एनसीआरटीसी की तैयारी लगभग पूर्ण है। जैसे ही सीएमआरएस से सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी होगा तो संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा
-पुनीत वत्स, सीपीआरओ, एनसीआरटीसी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।