होली पर नशे में धुत चेयरमैन के बेटों ने दरोगा को पीटा, वर्दी फाड़ डाली
- यह सभी दंपती को अस्पताल भेजने के बजाए पुलिस चौकी में बैठाने का दबाव बनाने लगे। दरोगा ने इनकार किया तो आरोपी भड़क गए। दरोगा जब तक कुछ समय पाते आरोपियों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। उनकी वर्दी भी फाड़ डाली। सिपाही उदय के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की।

Attack on Police: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी अजुहा नगर पंचायत के चेयरमैन के बेटों ने शुक्रवार की शाम होली के त्योहार पर नशे में धुत होकर साथियों संग दरोगा की पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने दरोगा की वर्दी भी फाड़ डाली। दुस्साहसपूर्ण मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अजुहा पुलिस चौकी में तैनात उप निरीक्षक आनंद स्वरूप प्रजापति का कहना है कि शुक्रवार की शाम वह हमराही सिपाही उदय के साथ गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि वार्ड नंबर दो में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दंपती घायल हो गए हैं। दरोगा का आरोप है कि हादसे की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस से घायल दंपती को अस्पताल भेजवाने लगे। तभी नगर पंचायत चेयरमैन के बेटे सत्येंद्र कुशवाहा और अभिषेक उर्फ मौनी अपने दो अन्य साथियों के साथ आ गए।
यह सभी दंपती को अस्पताल भेजने के बजाए पुलिस चौकी में बैठाने का दबाव बनाने लगे। दरोगा ने इनकार किया तो आरोपी भड़क गए। दरोगा जब तक कुछ समय पाते आरोपियों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। यहां तक कि उनकी वर्दी भी फाड़ डाली। सिपाही उदय के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की।
आरोप है कि इस दौरान कस्बा निवासी उत्कर्ष केसरवानी वीडियो बनाने लगा तो हमलावरों ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और उसकी पिटाई की। अतिरिक्त फोर्स पहुंचने से पहले ही आरोपी सभी को धमकाते हुए फरार हो गए। घायल दरोगा को सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने कहा कि दरोगा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कराया जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।