गन्ने में प्राकृतिक खेती के बारे में दी जानकारी
Pilibhit News - राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र टांडा बिजैसी में तीन दिवसीय मुख्यमंत्री गन्ना कृषक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। उप गन्ना आयुक्त ने प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया। प्राकृतिक...

राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र टांडा बिजैसी में तीन दिवसीय मुख्यमंत्री गन्ना कृषक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। उप गन्ना आयुक्त ने प्रशिक्षु मास्टर ट्रेनर्स को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया। प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री गन्ना कृषक विशेष प्रशिक्षण कार्यकम में मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के अन्तिम दिन उप गन्ना आयुक्त बरेली राजीव राय ने प्रशिक्षु मास्टर ट्रेनर्स को प्रोत्साहित किया। उन्होंने सभी से अपेक्षा व्यक्त की कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को गंभीरता से लेते हुए मिली नवीनतम जानकारी को आगे चलकर कृषकों के प्रशिक्षण में उपयोग करें। उप गन्ना आयुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य बीज, बुवाई की विधियों, पोषक तत्व प्रबंधन एवं पौध रक्षा की नवीनतम तकनीकी से गन्ने की अच्छी पैदावार ली जा सकती है l राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. दीपक कुमार ने प्राकृतिक खेती के महत्व की जानकारी देते हुए गन्ने में प्राकृतिक खेती के अवयवों के बारे में विस्तार से बताया। वैज्ञानिक डॉ. सौरभ तोमर ने गन्ने में विभिन्न सब्जियों, फूलों एवं फलों की सहफसली खेती के बारे में विस्तृत चर्चा की गयी। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पीलीभीत रामभद्र द्विवेदी ने नवीन गन्ना किस्मों की जानकारी दी और वाइड रो स्पेसिंग, ट्रेंच प्लांटिंग एवं रिंग पिट विधि से गन्ना उत्पादन की जानकारी दी। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मझोला विजय लक्ष्मी ने कृषकहित में संचालित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बरखेड़ा मनोज साहू ने गन्ना खेती में यंत्रीकरण के लाभ और महत्व के बारे में विस्तृत रूप से बताया। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पूरनपुर संजय श्रीवास्तव ने ड्रिप सिंचाई के लाभ बताते हुए गन्ने की खेती में लागत कम करने के लिए ड्रिप सिंचाई का महत्व को समझाया। कार्यक्रम में वार्ताकारों के व्याख्यान के बाद प्रशिक्षुओं ने प्राप्त विषयज्ञान का मूल्यांकन क्वेस्चनायर के माध्यम से किया। उप गन्ना आयुक्त राजीव रॉय ने सभी मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण साहित्य एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए। डीसीओ खुशीराम ने धन्यवाद जताया। इस मौके पर सहकारी गन्ना विकास समिति पीलीभीत के सचिव प्रदीप अग्निहोत्री, प्रशिक्षु मास्टर ट्रेनर्स, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।