अनियंत्रित होकर लोडर पलटा, 10 लोग घायल
Pratapgarh-kunda News - जेठवारा थाना क्षेत्र के अष्टभुजी देवी मंदिर के पास दुरदुरिया कार्यक्रम में जा रहीं 20 महिलाओं का लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में कई महिलाएं और एक युवक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिलाओं...
डेरवा, हिन्दुस्तान संवाद। जेठवारा थाना क्षेत्र के अष्टभुजी देवी मंदिर पर दुरदुरिया कार्यक्रम में जा रहीं 20 महिलाओं से भरा लोडर डेरवा-बाबूगंज मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्डे में पलट गया। इसमें युवक सहित कई महिलाएं घायल हो गईं। चारों ओर चीखपुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहन, एंबुलेंस से युवक और गंभीर रूप से घायल नौ महिलाओं को ट्रामा सेंटर लालगंज भेजा गया। लालगंज थाना क्षेत्र के राजापुर लालूपुर निवासी ईश्वरी प्रसाद के घर की महिलाओं ने जेठवारा इलाके के अष्टभुजी मंदिर पर गुरुवार को दुरदुरिया का कार्यक्रम आयोजित किया था। परिवार के लोग महिलाओं को ले जाने के लिए लोडर बुक किया था। लोडर में करीब 20 महिलाएं थीं। बाबूगंज-डेरवा मार्ग पर नदी के पुल से आगे असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गया। दो महिलाएं नीचे दब गईं और कई सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे के बाद चारों तरफ की पुकार मच गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय सुलोचना देवी, 45 वर्षीय सुशीला देवी, 50 वर्षीय सुंदरी देवी, दुर्गावती, 42 वर्षीय केवला देवी, 40 वर्षीय मीरा देवी, 50 मालती देवी, 20 वर्षीय धीरज, 55 वर्षीय दुर्गावती देवी और 40 वर्षीय रेशमा देवी को लालगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर से लोडर खींचकर बाहर निकलवाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।