खंभे से 15 फीट नीचे गिरा कर्मचारी, गंभीर रूप से घायल
Prayagraj News - सोहबतियाबाग में मंगलवार को बिजली से जुड़े कार्य के दौरान एक कर्मचारी खंभे से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्मचारी जितेंद्र प्रसाद 15 फीट की...

सोहबतियाबाग में मंगलवार दोपहर बिजली से जुड़े कार्य के दौरान एक कर्मचारी खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिजली विभाग की ओर से बिजनेस प्लान के तहत तार और अन्य उपकरण लगाने का कार्य निजी कंपनी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कर्मचारी जितेंद्र प्रसाद पोल पर चढ़ रहा था। उसके साथ काम कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि उसे करीब 20 फीट की ऊंचाई तक चढ़ना था, लेकिन वह जैसे ही 15 फीट तक पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता उमाकांत, एसडीओ रामेंद्र पांडेय और जेई रितेश दिवाकर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायल कर्मचारी के बेहतर इलाज के लिए ठेकेदार से बात की और अस्पताल में आवश्यक मदद सुनिश्चित की। बताया जा रहा है कि मंगलवार को सुरक्षा के तहत फोर्ट रोड और बैरहना उपकेंद्र से शटडाउन लिया गया था। घटना शटडाउन लिए जाने के करीब डेढ़ घंटे बाद हुई, जिससे यह स्पष्ट है कि करंट लगने की कोई आशंका नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।