चुनावी रंजिश में गोली चली, तीन घायल
Rampur News - शनिवार रात मथुरापुर गांव में चुनावी विवाद के चलते गोलीबारी हुई। पूर्व प्रधान पक्ष के लोग मंदिर से लौट रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने उन पर हमला किया। कई लोग घायल हुए, जिनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।...

शनिवार रात पटवाई थाना क्षेत्र का गांव मथुरापुर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। सालों से चल रहा चुनावी विवाद दो दिन पहले होली के मौके पर उखड़ गया। शनिवार रात मंदिर से लौट रहे पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों पर रास्ते में दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया। कई राउंड फायरिंग कर कई लोगों को जख्मी करने का आरोप है। हमले में घायल हुए नरेश के मुताबिक उसके साथ गांव के तीन अन्य लोग भी पथराव और गोली लगने से घायल हुए हैं। उसके मुताबिक बुधवार को उनके पक्ष ने गांव में होली के मौके पर डीजे लगवाया था। जिसे वर्तमान प्रधान पक्ष ने बंद करवा दिया। पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप है। नरेश ने बताया कि बुधवार को डीजे बंद कराने के दौरान पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। शनिवार रात में फायरिंग के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपियों की मदद करते हुए उनके पक्ष के लोगों के घरों में घुसकर मारपीट की। महिलाओं को भी नहीं छोड़ा गया। कई लोगों के हाथ पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर देर रात एएसपी और सीओ मौके पर पहुंचे। इस संदर्भ में पटवाई एसओ संदीप मिश्रा ने बताया कि पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने बिना अनुमति डीजे लगवा कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद में फायरिंग की सूचना मिली है। पुलिस गांव में तैनात कर दी गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई तहरीर किसी पक्ष की ओर से नहीं मिली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।