कार्रवाई के खौफ में तीनों आरोपियों को खुद थाने छोड़ गए परिजन
Sambhal News - अमरोहा के कुतुबपुर हमीदपुर गांव में तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को मार डाला। घायल किसानों की हालत में सुधार है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें छुड़ा...

अमरोहा। नौगावां सादात क्षेत्र में तेंदुए को पीट-पीटकर मार डालने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद बड़ी कार्रवाई के खौफ से गांव कुतुबपुर हमीदपुर में शनिवार देर रात हड़कंप मचा दिया। आरोपियों को लेकर ग्रामीण खुद थाने पहुंच गए और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, पुलिस अब आरोपियों का चालान करने की तैयारी कर रही है। तेंदुए के हमले में घायल किसानों की हालत में अब सुधार है, उपचार के बाद परिजन उन्हें अस्पताल घर ले आए हैं। आबादी के बीच दहशत का सबब बन चुके तेंदुए ने शनिवार सुबह गांव कुतुबपुर हमीदपुर में खेतों में काम कर रहे किसानों पर हमला बोल दिया था।
हमले में हेतराम, कृपाल सिंह, अरविंद, धर्म सिंह और हेमराज बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इसके बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरकर मार गिराया था। सूचना पाकर वन अफसर जब तक मौके पर पहुंचे थे तब तक तेंदुए की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया था जबकि तेंदुए की हत्या की शक में ग्राम प्रधान बृजेश के भाई राकेश के अलावा गांव के रहने वाले धर्मवीर और राजू को हिरासत में ले लिया था। बाद में गुस्साए ग्रामीणों ने थाने को घेर लिया था। भीड़ आरोपियों को छुड़ाकर अपने साथ ले गई थी। मामले में देर रात उप क्षेत्रीय वन अधिकारी राजीव वर्मा ने तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के अलावा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि जिन आरोपियों को ग्रामीण थाने से अपने साथ ले गए थे देर रात उन्होंने खुद सरेंडर कर दिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। चालान कर दोपहर में आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।