आसमान साफ होने से सुबह से निकली तेज धूप
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर, निज संवाददाता। एक दिन पहले आंधी व पानी से हुई दिक्कतों से शुक्रवार

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। एक दिन पहले आंधी व पानी से हुई दिक्कतों से शुक्रवार को राहत रही। आसमान साफ होने से सुबह से तेज धूप निकली। हालांकि शुरू में पुरवा हवाओं के चलने से राहत रही। पर दोपहर में हवाएं ठप होने से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। स्कूल से छूटे बच्चे पसीने से तर बतर हो घर को रवाना हुए। धूप निकलने पर लोगों ने अपने काम निपटाए। वहीं अगले तीन दिन फिर मौसम खराब होने की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का उतार चढ़ाव बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह से पुरवा हवाएं चल रही हैं।
आसमान में बदली और तापमान में गिरावट रिकार्ड हुई। एक दिन पहले हुई बरसात से तापमान काफी कम हो गया था। लेकिन रात में आसमान साफ होने से शुक्रवार को सुबह से ही मौसम पलट गया। सुबह से निकली चटख धूप चुभती रही। हालांकि बीच-बीच में हल्के बादल आते रहे। पुरवा हवाएं चलती रहीं। दोपहर में हवाएं ठप होने से उमस भरी गर्मी होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं। लोग छांव व ठण्डे स्थानों की तलाश करते रहे। उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान करती रही। लोग घरों के अंदर कूलर, पंख और एसी चला कर लोग गर्मी को भगाने का काम कर रहे थे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। पुरवा हवाओं की वजह से ही अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम रिकार्ड किया गया है। आगामी तीन से चार दिनों के दौरान आसमान में हल्के बादल के साथ तेज गति से हवाएं चलने की संभावना है। चार और पांच मई को हल्की बारिश होने के आसार हैं। पांच मई के बाद ही मौसम बदलने का आसार हैं। वहीं किसानों को थोड़ी और बारिश होने का इंतजार है। बारिश होने के बाद से ही किसान खरीफ फसलों की तैयारी में जुट जाएंगे। खेतों से खरपतवार नष्ट करने के लिए गहरी जुताई इसी मौसम में शुरू की जाती है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश तेज हुई है। इसकी वजह से लोग खेत की जुताई शुरू कर दी है। आगामी 24 घंटे के दौरान आसमान में हल्के से मध्यम स्तर के बादल छाए रहेंगे। हवाएं सामान्य तौर पर तेज गति से पुरवा ही चलेंगी। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है। अमरनाथ मिश्र मौसम विज्ञानी नरेन्द्रदेव कृषि विवि कुमारगंज अयोध्या
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।