पत्नी को गोली मारने वाले नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे को जेल
Shahjahnpur News - कांट नगर पंचायत अध्यक्ष मुनारा बेगम के बेटे शकील ने अपनी पत्नी निगार उर्फ रीना को दो गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता की मां ने दहेज उत्पीड़न और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है।...

कांट, संवाददाता। ब्यायफ्रेंड से नजदीकियों के चलते नाराज कांट नगर पंचायत अध्यक्ष मुनारा बेगम के बेटे ने अपनी पत्नी को दो गोलियां मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में पीड़िता की मां ने आरोपी एवं उसके बड़े भाई पूर्व चेयरमैन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के तुरंत बाद आरोपी को घटना स्थल से गिरफ्तार कर लिया गया था। घटना में पुलिस ने आरोपित पति को जेल भेज दिया है। वहीं दूसरी ओर गोलीकांड में घायल महिला का बरेली के निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, उसे आईसीयू में रखा गया है। बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्षा मुनारा बेगम के बेटे शकील उर्फ नन्हे ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी निगार उर्फ रीना को 12 बोर के तमंचे से दो गोलियां मारी थीं। एक गोली महिला के हाथ व दूसरी उसके पेट में लगी थी। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गयी थी। घायल अवस्था में महिला खुद टेम्पो पर सवार होकर थाने पर पहुंची थी और सारी घटना पुलिस को बतायी थी। पुलिस ने घायल निगार को तत्काल शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। वहीं दूसरी ओर अध्यक्षा के बेटे शकील उर्फ नन्हे को घटना स्थल से गिरफ्तार कर लिया था। नन्हे ने कोतवाली में पत्नी और उसके व्यायफ्रेंड को लेकर गम्भीर आरोप लगाए थे।
मामले में शहर के मामूड़ी मोहल्ला निवासी पीड़िता की मां नसीम ने आरोपी शकील एवं उसके बड़े भाई पूर्व चेयरमैन रईस मियां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं जान से मारने की नियत से गोली मारने का मुकदमा दर्ज कराया था।
गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार किए जा चुके शकील को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि घटना में प्रयुक्त किये गए 12 बोर के तमंचे को बरामद कर मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
===
जख्मी महिला की हालत गंभीर-प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गोलीकांड में घायल हुई निगार उर्फ रीना का बुधवार रात बरेली के प्राइवेट अस्पताल में आपरेशन किया गया है, लेकिन उसकी हालत अभी भी गम्भीर बनी हुई है, इसलिए उसे डाक्टरों ने आईसीयू में भर्ती किया है। वहीं निगार की दो बेटियां और बेटा हैदर अपनी नानी के पास हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।