सोनांचल में तेज धूप और गर्म हवा से लोग बेहाल
Sonbhadra News - सोनभद्र में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। तेज धूप और उमस से लोग परेशान हैं। अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या...
सोनभद्र, संवाददाता। सोनांचल में मौसम में उतार चढ़ाव का क्रम जारी है। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप निकली, जिससे उमस बढ़ गई। पूरे दिन लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री की वृद्धि भी दर्ज की गई। इससे दिन में गर्म हवा भी चली, जिससे लोग गर्मी से बेचैन दिखे। वहीं देर शाम तक लोगों को उमस से राहत मिलती नजर नहीं आई। सोनांचल में शुक्रवार की सुबह से ही तेज धूप से उमस भरी गर्मी रही। वहीं शुक्रवार को दिन में गर्म हवा भी चल रही थी। इससे गर्मी के कारण लोगों को पसीने से तर बतर देखा गया।
मौसम विभाग के प्रेक्षक राजन सिंह के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रहा। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। पूरे दिन तेज धूप के कारण उमस बढ़ गई थी। उमस भरी गर्मी के कारण कूलर पंखे भी लोगों को राहत नहीं दिला पा रहे थे। शुक्रवार को दिन में तेज धूप के साथ गर्म हवा भी चली। गर्म हवा के कारण दिन के समय लोगों की आवाजाही भी कम दिखी। वहीं शाम चार बजे के बाद भी गर्म हवा चलती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आई। शाम को सूरज ढलने के बाद उमस और तेज हो गई। हालांकि लोगों को गर्म हवा से थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। देर शाम तक उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलती नहीं दिखी। लोगों को कूलर और पंखे का सहारा लेते देखा गया। सोनांचल में मौसम की मार का असर लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। तापमान में लगातार उतार चढ़ाव के साथ ही कभी धूप तो कभी बारिश के कारण मौसम में आ रहे बदलाव से अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार और उल्टी दस्त के मरीजों में तेजी से इजाफा हुआ है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ देखी गई। पर्चा बनवाने के साथ ही दवा काउन्टर पर भी मरीजों को कतार में खडे़ देखा गया। इसके साथ ही डाक्टरों को दिखाने के लिए भी मरीजों की काफी भीड़ रही। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिसियन डा. एसएस पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव से सर्दी, जुकाम, बुखार और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में एक हजार मरीजों ने इलाज कराने के लिए पर्चा कटवाया था। इसमें सबसे अधिक मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार और उल्टी दस्त के रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।