आगरा में बदमाशों का आतंक, ज्वेलर्स मालिक की गोली मारकर हत्या, डेढ़ किलो चांदी और कान के टॉप्स लूटे
आगरा में बदमाशों का आतंक देखने को मिला। यहां ज्वेलरी शॉप में लूटपाट के बाद ज्वेलर्स मालिक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई हत्या से हड़कंप मच गया।

यूपी के आगरा में भीड़भाड़ वाले कारगिल चौराहा (सिकंदरा) के पास शुक्रवार को दुस्साहसिक घटना हुई। दो बदमाशों ने बालाजी ज्वैलर्स के शोरूम में लूटपाट की। भागते समय सराफा कारोबारी योगेश चौधरी (58) ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। एक बदमाश ने सीने में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। दिनदहाड़े कारोबारी की हत्या से दहशत फैल गई। बदमाश लाखों का माल लूटकर ले गए हैं। लूट के दौरान शोरूम पर सिर्फ एक सेल्सगर्ल मौजूद थी।
घटना पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे की है। सेक्टर तीन निवासी रेनू ने शोरूम खोला था। व्यस्त रहने वाले कारगिल चौराहे के पास पहली मंजिल पर बालाजी ज्वैलर्स के नाम से शोरूम है। मालिक योगेश चौधरी का शास्त्रीपुरम मार्ग पर रामा एन्क्लेव में घर है। योगेश के बेटे का दा स्काई नाम से इलाके में रेस्टोरेंट भी है। रेनू ने बताया कि उसने सुबह लगभग 10:45 बजे शोरूम खोला था। कुछ देर बाद एक युवती आई। उसने कान की बाली दिखाने को कहा। वह उसको बाली दिखाने लगी। जेवरात की एक ट्रे काउंटर पर रखी थी। तभी दो युवक आए। एक ने मास्क पहना था। दूसरे ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। आते ही उससे पूछा सेठजी कहां हैं। उसने कहा कि अभी आ रहे हैं। एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर उस पर मान दी। धमकी दी कि शोर मचाने पर गोली मार देगा। दूसरे बदमाश ने बैग में चांदी और सोने के जेवरात भर लिए।
बदमाश लूटपाट के बाद सीढ़ियों से नीचे उतरे। वह उनके पीछे गई। बदमाश-बदमाश चीखकर शोर मचाया। तभी मालिक योगेश चौधरी स्कूटी से आ गए। उन्होंने स्कूटी शोरूम के नीचे खड़ी की। बदमाशों को शोरूम से बैग के साथ निकलकर भागते देखा। एक बदमाश का हाथ पकड़ लिया। उससे बैग छीनने का प्रयास किया। यह देख दूसरे बदमाश ने उनके सीने में गोली मार दी। योगेश गिर पड़े। बदमाश बाइक से शास्त्रीपुरम की तरफ भाग गए। बताया जा रहा है कि बदमाश करीब दो किलोग्राम चांदी और 40 ग्राम सोने के जेवरात लूटकर ले गए हैं। वारदात से कारोबारियों में आक्रोश है।