8 साल के मासूम से 15 साल के चाचा ने किया कुकर्म, FIR होते ही उठाया खौफनाक कदम, मौत
यूपी के फिरोजाबाद में आठ साल के बालक से 14 साल के रिश्ते के चाचा ने ही कुकर्म किया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो पुलिस से शिकायत हुई। मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी चाचा ने खौफनाक कदम उठाया और फांसी लगाकर जान दे दी।

फिरोजाबाद में थाना फरिहा क्षेत्र में आठ साल के बालक के साथ 15 साल के रिश्ते के चाचा ने कुकर्म किया। परिवार ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी। उससे पहले ही आरोपी ने आत्मग्लानि के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। कुकर्म की घटना से परिवार में पहले से हड़कंप मचा हुआ था, अब आरोपी द्वारा जान देने के बाद चीख पुकार मची हुई है। पुलिस ने फंदे से उतारकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी किशोर दो भाइयों में सबसे छोटा था। चार साल पहले उसके पिता की मौत हो चुकी है।
थाना फरिहा क्षेत्र निवासी 8 वर्षीय बालक मंगलवार देर रात खेत पर गया था। उसी दौरान 15 वर्षीय किशोर जो रिश्ते में उस बालक का चाचा लगता था आया और उस बालक को लेकर झाड़ियों में ले गया। बालक के साथ किशोर ने कुकर्म किया जिससे बालक की हालत बिगड़ गई। चाचा उसकी हालत को देखकर झाड़ियों के पास ही उसको छोड़कर भाग गया।
बालक की कराहने की आवाज सुनकर राहगीरों ने बालक को उठाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन बालक को लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे और उसका उपचार शुरू कराया। इसके बाद हालत सही नहीं होने पर सरकारी ट्रामा सेंटर से बालक को आगरा के लिए रेफर कर दिया। बालक का आगरा में उपचार चल रहा था तभी आरोपी किशोर के खिलाफ थाना फरिहा में सूचना देकर तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
कुकर्म की घटना और बालक की हालत बिगड़ने के बाद से आरोपी किशोर गायब हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी के बारे में पुलिस को पता चला कि मंगलवार की रात में ही उसने दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी है। किशोर का शव बुआ के घर के पीछे निकल रही सरिया पर लटका मिला। बुआ का घर उसके घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर है। आरोपी बंजारा जाति का है। शव को देख गांव में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया और दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एसपी देहात त्रिगुण विशेन ने बताया कि फरिहा क्षेत्र में एक बालक के साथ उसके रिश्ते के चाचा द्वारा गलत काम किया था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ था। आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।