बहन की डोली उठाने आया सैनिक सरहद पर फर्ज निभाने चला
Unnao News - एक दिन पहले बहन की शादी से पहले, सेना का जवान दिलीप कुमार जम्मू कश्मीर के लिए रवाना हो रहा है। ग्रामीणों ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया और देशभक्ति के नारे लगाए। दिलीप की मां और पिता ने उसकी देश सेवा...
हिलौली। बहन की शादी के एक दिन पहले सेना का जवान अपना फर्ज निभाने जम्मू कश्मीर जा रहा है। इस बात की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने दिलीप का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान हिन्दुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से पूरा चौराहा गूंज उठा। मौरावां थाने के हिन्दूपुर गांव के रहने वाले राजकिशोर का बेटा दिलीप कुमार सेना में सैनिक है। दिलीप की बहन सविता की शादी 11 मई को होनी है। घर पर सभी तैयारियां चल रही हैं। आर्मी जवान दिलीप बहन की शादी के लिए 50 दिन की छुट्टी लेकर 26 अप्रैल को घर आया था।
दिलीप वर्तमान में अंबाला कैंट में हवलदार के पद पर तैनात है। अब उसे अधिकारियों से जम्मू जाने के लिए कहा गया है। शनिवार सुबह वह जम्मू कश्मीर के लिए रवाना होगा। मामले की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने जवान दिलीप का स्वागत किया। इस दौरान हिंदुस्तान जिंदाबाद , पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे से पूरा चौराहा गूंज उठा। परिजन बोले-शादी से सर्वोपरि है देश की सेवा पिता राजकिशोर ने कहा कि इस समय हालातों को देखते हुए दिलीप का वहां होना ज्यादा जरूरी है। हमें गर्व है कि हमारा बेटा आर्मी में हैं। मां कुंता देवी ने कहा कि बेटा अपने कर्तव्यों का बखूबी पालन कर रहा है। देश को उसकी सख्त जरूरत हैं। बहन की शादी के एक दिन पहले बेटे का सीमा पर जाना हमारे लिए गर्व की बात हैं। बहन सविता ने कहा कि दो भाईयों में दिलीप आर्मी में और प्रदीप अभी पढ़ाई कर रहा है। हर बहन का अरमान होता है कि शादी में उसका भाई सारी रस्मों को पूरा करे। बडे भाई दिलीप ने शादी को लेकर बहुत सारे अरमान संजोए थे। गर्व है कि मेरा भाई आर्मी में हैं। मेरा भाई देश के लिए जीता हैं। जवान दिलीप कुमार ने कहा कि 26 अप्रैल को छुट्टी लेकर गांव आया था। इसी दरमियान बहन की शादी का सारा इंतजाम कर रहा था। आदेश मिला कि जम्मू पहुंचना है। शनिवार सुबह जम्मू के लिए रवाना होंगे। देश की सेवा हमारे लिए सर्वोपरि है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।