वृद्ध की भूमि हड़पने के मामले में अंशू गुप्ता समेत 13 के खिलाफ केस दर्ज
Unnao News - उन्नाव के अकरमपुर गांव के एक वृद्ध ने आरोप लगाया कि दबंगों ने धोखाधड़ी और जालसाजी से उनकी पुश्तैनी भूमि हड़प ली। वृद्ध ने पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद केस दर्ज किया गया। आरोपितों ने वृद्ध को जान से...

उन्नाव, संवाददाता । सदर कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर गांव के रहने वाले वृद्ध ने दबंगों पर धोखाधड़ी, जालसाजी व कूटरचित दस्तावेजों के जरिए उनकी भूमि हड़पने का आरोप लगाया है। वृद्ध ने सदर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की शिकायत की और आरोपितों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित वृद्ध विशम्भर ने बताया कि उनकी पुश्तैनी भूमि अकरमपुर गांव स्थित गाटा संख्या 95 के तहत राजस्व अभिलेख में दर्ज है। 2002 में उनके पुराने जानकार अंशू गुप्ता ने धोखे से अपने नाम करा लिया। उस समय विशम्भर ने बेटी की शादी के लिए रुपए की जरूरत के चलते सिर्फ पांच विसवा भूमि बेचने की बात की कही थी, लेकिन आरोप है कि अंशू ने पूरे 26 विस्वा की भूमि का मुख्तारआम और फिर बैनामा अपने नाम करा लिया, वह भी बिना बताए और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से।
वृद्ध विशम्भर को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई जब पारिवारिक भूमि विवाद में कोर्ट केस के दौरान भूमि के कागजात निकलवाए गए। इसके बाद उन्होंने मुख्तारआम को 2021 में रद्द कराया और कोर्ट में चल रहे मामले में उन्हें गाटा संख्या 95 का एकमात्र स्वामी घोषित कर दिया गया। लेकिन जब उन्होंने भूमि पर जाकर देखा तो पाया कि वहां कई लोगों ने निर्माण कर लिया और कब्जा कर रखा है। पूछताछ में पता चला कि भूमि को अंशू गुप्ता ने ही बेचा है। वृद्ध विशंभर का आरोप है कि जब वह इस बारे में शिकायत करने अंशू गुप्ता के पास गए तो उन्हें गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और डरा-धमकाकर चुप रहने को कहा गया। डर से कई सालों तक उन्होंने किसी से शिकायत नहीं की। लेकिन नवंबर-दिसंबर 2024 में जब उन्होंने दोबारा साहस जुटाकर बात की तो उनसे “गुंडा टैक्स” के रूप में रुपए मांगे गए। अप्रैल 2025 में 50 हजार रुपये अंशू गुप्ता को दिए, लेकिन फिर भी भूमि वापस नहीं की गई। इसके बाद आरोप है कि अंशू गुप्ता, इन्दजीत भदौरिया, शशिकान्त मिश्रा उर्फ छुनारे, अभय विश्वकर्मा, अजमल और करीब 78 अन्य अज्ञात लोगों ने मिलकर उनके साथ हाथापाई की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी राजनीतिक पकड़ रखने वाले और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई केस दर्ज हैं। वृद्ध ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपितों पर गम्भीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।