पौड़ी में ग्रीष्मोत्सव की तैयारियां शुरू
नगर पालिका प्रशासन द्वारा पौड़ी में 31 मई से 6 जून तक भव्य ग्रीष्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ फुटबॉल, वॉलीबाल, शतरंज और अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी। पहली...

नगर पालिका प्रशासन की ओर से मुख्यालय पौड़ी में भव्य ग्रीष्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसके सफल आयोजन को लेकर पालिकाध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी की अध्यक्षता में पहली बैठक आयोजित हुई। पालिकाध्यक्ष नेगी ने बताया कि ग्रीष्मोत्सव का आयोजन 31 मई से 6 जून तक किया जाएगा। जिसमें सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ विभिन्न खेलप्रतियोगिताएं होंगी। खासतौर पर 31 मई से 8 जून तक कंडोलिया खेल मैदान में फुटबाल का रोमांच देखने को मिलेगा। नगर पालिका सभागार में ग्रीष्मोत्सव-2025 के आयोजन को लेकर पहली बैठक आयोजित की गई। जिसमें नगर पालिका प्रशासन के साथ-साथ संस्कृति कर्मियों, खेल समितियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान ग्रीष्मोत्सव के आयोजन को लेकर सुझाव भी लिए गए। पालिकाध्यक्ष पौड़ी हिमानी नेगी ने बताया कि ग्रीष्मोत्सव पौड़ी की सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है। वर्ष 2023 में भव्य ग्रीष्मोत्सव आयोजित हुआ था। जो विगत वर्ष किन्ही कारणों से आयोजित नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि पालिका प्रशासन ने ग्रीष्मोत्सव के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर ली हैं। पहली बैठक में आयोजन की तिथियों का निर्धारण हुआ है। गतिविधियों के संचालन को लेकर जल्द ही आयोजित होने वाली बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 31 मई से 6 जून तक ग्रीष्मोत्सव को भव्य रुप में आयोजित किया जाएगा। जिसके सफल आयोजन को लेकर जल्द ही समितियों को गठन किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष नेगी ने बताया कि 31 मई से कंडोलिया खेल मैदान में फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिसका फाइनल 8 जून को खेला जाएगा। इसके अलावा वॉलीबाल, शतरंज, कैरम सहित अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रसिद्ध लोक गायक अनिल बिष्ट व लोक गायक मनोज रावत अंजुल ने बताया कि ग्रीष्मोत्सव के आयोजन को लेकर संस्कृति कर्मियों में सालभर से उत्साह बना रहता है। इस अवसर पर ईओ नगर पालिका एसपी जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी, पूर्व जिपं अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, व्यापार सभा अध्यक्ष विनय शर्मा, वन पंचायत अध्यक्ष पौड़ी वकुल रावत, पूर्व अध्यख ललित नेगी, प्रमेंद्र नेगी, ललित चिटकारिया, धर्मवीर रावत, प्रियंका थपलियाल, बबीता रावत, सभासद गौरव सागर आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।