स्वास्थ्य क्षेत्र में मिसाल कायम कर रहीं महिला चिकित्सक
उत्तराखंड के एम्स ऋषिकेश में प्रो. मीनू सिंह महिला कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। वे स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय...

उत्तराखंड में स्थित सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान एम्स ऋषिकेश की कमान महिला अधिकारी के हाथ में है। कई अन्य महिला चिकित्सक भी चिकित्सा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही हैं। विश्व स्तर पर यूनाइटेड स्टेट अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम में मेडिकल क्षेत्र के विभिन्न प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी प्रो. मीनू सिंह वर्तमान में एम्स ऋषिकेश और बठिंडा में निदेशक पद के अलावा क्रोकेन इंडिया की को-चेयरपर्सन पद का भी निर्वाह कर रही हैं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हेल्थ सेक्टर की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं की सदस्य भी हैं। उनकी उपलब्धियों और किये गए उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें अब तक विभिन्न मंचों द्वारा 25 से अधिक मुख्य अवार्ड और मेडलों से नवाजा जा चुका है। यही नहीं ग्लोबल साईंटिस्ट रैंकिंग 2024 की सूची में उनका नाम दुनिया के 2 प्रतिशत शीर्ष वैज्ञानिकों की श्रेणी में भी शामिल किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कामकाजी महिलाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आज की महिला प्रत्येक क्षेत्र में शिखर तक पंहुचने में पूर्ण तौर से सक्षम है। इच्छा शक्ति के बल पर वह सभी बाधाओं को पार करने की शक्ति रखती है। उनका कहना है कि संकल्पित होकर लगनपूर्वक कर्तव्यों का निर्वाह करते रहना ही सफलता का मूल मंत्र है। महिला शक्ति ही राष्ट्र की शक्ति है, इस सूत्र को चरितार्थ कर रही प्रो. मीनू सिंह नियमित तौर से डाक्टरी की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए कक्षाएं भी संचालित करती हैं। 7 जुलाई 2022 से एम्स ऋषिकेश के कार्यकारी निदेशक पद पर रहते हुए वह संस्थान को निरन्तर गति प्रदान कर रही हैं। वर्ष 1982 में एचपी मेडिकल कॉलेज शिमला से एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने चिकित्सकीय पेशे में स्वास्थ्य क्षेत्र की सेवा करते हुए पीछे मुड़कर नहीं देखा और महिला होने के बावजूद अपनी योग्यता, अनुभव और सेवा के आधार पर उत्तराखंड में स्थित 5500 से अधिक स्टाफ वाले सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान के शिखर तक पंहुचने में अपनी विशेष पहचान बनाई है। प्रो. मीनू सिंह इससे पूर्व पीजीआई चंडीगढ़ में पिडियाट्रिक पल्मोनरी विभाग की विभागाध्यक्ष और बाबा फरीद यूनिवर्सिटी की प्रिन्सिपल और टेलिमेडिसिन सोसाइटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
महिला चिकित्सक संभाल रहीं जिम्मेदारी
ऋषिकेश। कार्यकारी निदेशक पद के अलावा एम्स में डीन एकेडमिक का पद भी महिला चिकित्सक के पास है। यह पद प्रो. जया चतुर्वेदी संभाल रही हैं। प्रो. जया संस्थान में स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष भी हैं। इतना ही नहीं एम्स के चिकित्सा अधीक्षक पद पर भी महिला डॉ. प्रो. सत्या श्री काबिज हैं। प्रो. सत्याश्री पिडियाट्रिक सर्जन हैं और इस विभाग की हेड भी हैं। संस्थान के कालेज ऑफ नर्सिंग के प्रिन्सिपल पद पर प्रो स्मृति अरोड़ा और चीफ नर्सिंग ऑफिसर पद पर भी महिला अधिकारी रीटा शर्मा नियुक्त हैं। इनके अलावा संस्थान के दर्जनभर से ज्यादा अन्य विभागों में भी विभागाध्यक्ष के पदों पर महिला चिकित्सक ही पदों का निर्वहन कर रही हैं।
-मनोहर काला,9997873776
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।