देहरादून में क्यों नहीं बंट रहा सरकारी राशन, सामने आईं 2 बड़ी वजहें
देहरादून में सरकारी राशन के लिए इस महीने उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, राशन डीलर हड़ताल पर हैं। दूसरी ओर, पूर्ति विभाग इसी महीने राशन की दुकानों में नई पीओएस मशीन लगा रहा है। यही वजह है कि देहरादून में राशन नहीं बंट पा रहा है।

देहरादून में सरकारी राशन के लिए इस महीने उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, राशन डीलर हड़ताल पर हैं। दूसरी ओर, पूर्ति विभाग इसी महीने राशन की दुकानों में नई पीओएस मशीन लगा रहा है। इसके चलते सरकारी पोर्टल बंद किया गया है। पूर्ति विभाग के अनुसार जैसे-जैसे इन दुकानों पर नई मशीनें लगती रहेंगी, राशन का वितरण भी होता रहेगा।
गुरुवार को देहरादून में नए महीने का राशन वितरण पूरी तरीके से ठप रहा। उपभोक्ताओं को सस्ते राशन की दुकानों से बैरंग घर लौटना पड़ा। पूर्ति विभाग की ओर से प्रदेशभर में राशन विक्रेताओं को नई पीओएस मशीनें दी जा रही हैं। कुछ जिलों में इनसे राशन वितरण शुरू भी हो गया है, लेकिन देहरादून में यह व्यवस्था इस महीने से शुरू होनी हैं। पीओएस मशीनें लगाने का काम गुरुवार से शुरू हो गया है। ऐसे में पूर्ति विभाग ने जिले में राशन वितरण बंद कर दिया है।
हर राशन डीलर की मैपिंग होगी: जिला पूर्ति अधिकारी कैलाश अग्रवाल ने बताया कि नई पोओएस मशीनों में पुराना डाटा पोर्ट किया जाना है। वहीं, विभाग की ओर से हर राशन डीलर की मैपिंग होनी है। देहरादून में 1026 राशन डीलर हैं। विभाग की टीमें मशीन लगाने का काम कर रहीं हैं। उन्होंने बताया कि 10 मई तक पूरी जिले में यह काम पूरा कर दिया जाएगा। जैसे-जैसे मशीनें लगेंगी, वैसे ही राशन वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
देहरादून में राशन डीलर ने नहीं उठाया है मई का राशन
बिना प्रशिक्षण नई पीओएस मशीनें लगाने के साथ ही पुराने लाभांश का भुगतान नहीं करने को लेकर राशन डीलरों ने भी हड़ताल शुरू कर दी है। ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेशभर में राशन डीलर हड़ताल पर हैं।
प्रदेश अध्यक्ष रेवाधर बृजवासी ने बताया कि राशन डीलरों ने अभी गोदामों से राशन नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि पूर्ति विभाग ने नई पीओएस मशीनें तो लगानी शुरू कर दी हैं, लेकिन राशन डीलरों को इसका प्रशिक्षण तक नहीं दिया गया। ऐसे में डीलरों को राशन के वितरण में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी लाभांश से से जुड़ी मांग काफी समय से लंबित हैं। चेतावनी दी कि जब तक विभाग की ओर से मांगों पर कार्रवाई नहीं हो जाती, हड़ताल जारी रहेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।