कुत्ते को बचाने के लिए 6 फीट लंबे मगरमच्छ के ऊपर कूदी महिला, उसका जबड़ा पकड़ते ही...
- किम्बर्ली ने बताया, ‘मैं अपने कुत्ते के साथ टहल रही थी। मुझे कुछ भी चिंताजनक नहीं लगा। अचानक आवाज आई और 10 फीट की दूरी से मैंने उसकी आंखें देखीं। मैंने देखा कि मगरमच्छ तेजी से मेरी ओर बढ़ रहा है।’

फ्लोरिडा में एक महिला ने अपने पालतू जानवर को मगरमच्छ के हमले से बचाने के लिए जान जोखिम में डाल दी। यह घटना उस वक्त हुई जब वह शाम की सैर पर निकली थी। टाम्पा की रहने वाली किम्बर्ली स्पेंसर स्कूल में टीचर हैं। वह अपने कुत्ते कोना के साथ वेस्टवुड लेक्स इलाके में स्थित तालाब के पास टहल रही थीं। इसी दौरान एक मगरमच्छ अचानक पानी से बाहर निकला और उन पर हमला कर दिया। वह 6.5 फीट लंबा रहा होगा। इस घटना के बारे में बात करते हुए किम्बर्ली ने कहा, 'मुझे हमेशा मगरमच्छों, सांपों और ऐसी चीजों से डर लगता रहा है। मैं प्रकृति प्रेमी नहीं हूं। लेकिन मंगलवार को जब अपने कुत्ते की जान खतरे में देखी, तो मेरा डर गायब हो गया।'
किम्बर्ली ने बताया, 'मैं अपने कुत्ते के साथ टहल रही थी। मुझे कुछ भी चिंताजनक नहीं लगा। अचानक आवाज आई और 10 फीट की दूरी से मैंने उसकी आंखें देखीं। मैंने देखा कि मगरमच्छ तेजी से मेरी ओर बढ़ रहा है। मैंने कोना को खींचने की कोशिश की, मगर मगरमच्छ ने उसके सिर और ऊपरी शरीर को अपने जबड़ों में जकड़ लिया।' किम्बर्ली ने बताया कि मगरमच्छ का मुंह खुला हुआ था। उसने मेरे कुत्ते कोना को जकड़ लिया था। मैं उसकी पीठ पर कूद गई और उसके जबड़े खोल दिए। इसके बाद मैंने मगरमच्छ का मुंह बंद कर दिया और उसे पकड़े रही। आखिरकार मगरमच्छ पानी में वापस चला गया।
कुत्ते के लिए इतना जोखिम क्यों लिया
किम्बर्ली स्पेंसर ने कहा, 'मैं उसे अपने बच्चे की तरह मानती हूं और उसे ले जाने नहीं दे सकती थी। अगर मेरी निगरानी में उसे कुछ हो जाता, तो मैं खुद को माफ नहीं कर पाती।' किम्बर्ली के दोनों हाथों में काटने के निशान पड़ गए हैं, लेकिन इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। कोना को पशु डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसके कंधे की चोटों में टांके लगाए गए। किम्बर्ली ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि वह ठीक हो जाएगा। मैं कभी उसे नुकसान नहीं होने दूंगी।' इंटरनेट यूजर्स इस खबर को पढ़ने के बाद किम्बर्ली की बहुत तारीफ कर रहे हैं और उनके साहस को सलाम किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।