खोदावंदपुर प्रखंड में अमृत सरोवर योजना का हाल बदहाल
खोदावंदपुर प्रखंड में केंद्र सरकार की अमृत सरोवर योजना की स्थिति चिंताजनक है। यहां 7 अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य है, लेकिन केवल उड़ाही का कार्य पूरा हुआ है। सौंदर्यीकरण का कार्य जैसे सड़क निर्माण और...

खोदावंदपुर, निज संवाददाता। केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण अमृत सरोवर योजना का हाल खोदावंदपुर प्रखंड में बदहाल है। सरकार की योजना के तहत कार्य नहीं होने से यह योजना दम तोड़ती नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में कुल 7 अमृत सरोवर योजना बनाने का लक्ष्य है। इस योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में बरियारपुर पूर्वी पंचायत के योगीडीह गांव के सरकारी पोखर का 8 लाख 62 हजार 630 रूपये की प्राक्कलित राशि से निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, इसी पंचायत में हकरू महतो पोखर का 4 लाख 51 हजार रुपए की प्राक्कलित राशि से उड़ाहीकरण, वित्तीय वर्ष 2023-24 में बरियारपुर पश्चिमी पंचायत में 8 लाख 54 हजार 770 रुपए की प्राक्कलित राशि से नागा पोखर की उड़ाही एवं सौंदर्यीकरण, वित्तीय वर्ष 2022-23 में खोदावंदपुर पंचायत में 1 लाख 11 हजार 90 रुपए की प्राक्कलित राशि से मुसहरी गांव के पोखर का उड़ाही कार्य, वित्तीय वर्ष 2023-24 में इसी पंचायत में 2 लाख 38हजार 150 रुपए की प्राक्कलित राशि से मुसहरी धोबी घाट पोखर का जीर्णोद्धार कार्य, वित्तीय वर्ष 2022-23 में 1 लाख 55 हजार 980 रुपए की प्राक्कलित राशि से सागी नकटा पोखर की उड़ाही, वित्तीय वर्ष 2023-24 में 54 हजार 720 रुपए की प्राक्कलित राशि से दौलतपुर पंचायत के चलकी पोखर की उड़ाही एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया।
धरातल पर योजनाओं के अवलोकन में यह बात सामने आई है कि इन अमृत सरोवरों के निर्माण में केवल उड़ाही ही की गई है। सौंदर्यीकरण का कार्य बाकी है। सौंदर्यीकरण कार्य में पोखरों के मुहारों पर सड़क निर्माण, बैठका निर्माण एवं मुहरों पर पौधरोपण का कार्य नहीं हुआ है। इस संदर्भ में मनरेगा के पीओ मनीष कुमार झा ने बताया कि जितनी राशि का आवंटन हुआ था उतना कार्य पूर्ण हो चुका है। आगे राशि के आवंटन के बाद आगे का कार्य किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।