अररिया : दहेज को लेकर विवाहिता की हत्या, रात के अंधेरे में जलाया शव
कुर्साकांटा में एक विवाहिता प्रियंका की हत्या उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए की। हत्या के बाद शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। प्रियंका के पिता ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज...

कुर्साकांटा । निज प्रतिनिधि कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के कमलदाहा वार्ड संख्या आठ में शुक्रवार की देर रात दहेज लोभी ससुराल वालों ने 24 वर्षीया विवाहिता ही पहले हत्या की फिर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से रात के अंधेरे में ही शव को जला दिया। इसके बाद मृतका के डेढ़ वर्षीया बच्ची के साथ परिजन फरार हो गये। मृतका प्रियंका कमलदाहा वार्ड आठ निवासी बंटी यादव की पत्नी थी। प्रियंका का मायके अररिया नगर थाना क्षेत्र के गैयारी वार्ड संख्या 15 है। वह गैयारी के मुन्ना कुमार यादव की बेटी थी। इधर सूचना पर देर रात ही कुर्साकांटा पुलिस सदलबल कमलदाहा घटना स्थल पर पहुंची तो वहां से न तो शव बरामद हुआ और न कोई परिजन मिले।
मिले तो केवल जलाने के अवशेष। प्रियंका की डेढ़ वर्षीय बेटी भी लापता थी। आशंका है कि बच्ची को लेकर परिजन फरार हुए हैं। इधर मृतका के पिता ने दामाद बंटी यादव सहित सात लोगों के खिलाफ कुर्साकांटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। नामजदों में बंटी यादव के अलावा मृतका के ससुर दिलीप यादव, सास मंजू देवी, देवर नितेश यादव, मनोज यादव, राजू यादव, बंटी का मामा दिलीप यादव शामिल हैं। मृतका के पिता ने बताया कि वर्ष 2022 में उसने अपनी बेटी प्रियंका की शादी कमलदाहा निवासी दिलीप यादव के बेटे बंटी यादव के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से की थी। शादी में चार से पांच लाख का सामान उपहार स्वरूप दिया था। इस बीच प्रियंका ने एक बेटी को जन्म दिया। उनकी बेटी ससुराल में रह रही थी। सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था। लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे ससुराल वालों का व्यवहार बदलने लगा। इस बीच ससुराल वाले खासकर ससुर दिलीप यादव व पति बंटी यादव मायसे से फ्रीज व सिलाई मशीन के लिए उनकी बेटी पर दवाब डालने लगे। प्रियंका के पिता मुन्ना कुमार यादव ने बताया कि बेटी का मान-सम्मान बचाने के लिए उसने लोन पर किसी तरह फ्रीज व सिलाई मशीन भी दे दिया। इसके बावजूद ससुराल वालों को व्यवहार नहीं बदला। बात-बात में उनकी बेटी प्रताड़ित होती रही। मुन्ना ने बताया कि 15-20 दिन पहले उपरोक्त नामजदों ने प्रियंका से कहने लगे कि बंटी बिजनेश करेगा। इसलिए तुम अपने पिता से कहो कि वे पांच लाख रूपया दे। मेरी बेटी ने जब असमर्थता जताई तो इन लोगों ने और अधिक प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़ित पिता ने बताया कि शुक्रवार की रात इन लोगों ने मिलकर प्रियंका की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए रात के अंधेरे में ही शव को जला दिया। बताया कि रात लगभग दस बजे कमलदाहा के किसी व्यक्ति से घटना की जानकारी मिली तो वे दौड़े-दौड़े पहुंचे तो न बेटी व नतिनी मिली और न परिजन। जानकारी मिली कि बेटी को रात को रात में जला दिया गया था। नतिनी को लेकर परिजन रात में ही फरार हो गये। इधर कुर्साकांटा थानेदार अभिषेक कुमार ने बताया कि सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नामजदों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। नामजदों की गिरफ्तारी के साथ-साथ मामले का उद्भेदन भी कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।