अररिया : मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
अररिया के देवरिया गांव में मामूली विवाद के चलते एक युवक मणिकांत सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद के कारण यह हत्या की गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया...

अररिया । निज संवाददाता अररिया थाना क्षेत्र के पैकटोला पंचायत के देवरिया गांव के वार्ड संख्या दो में मामूली विवाद में रिश्तेदारों ने ही एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार देर रात की बतायी जाती है। मृतक युवक देवरिया गांव के राजेंद्र सिंह का 26 वर्षीय पुत्र मणिकांत सिंह उर्फ मोनू था। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एक सप्ताह पूर्व मणिकंदन सिंह उर्फ मोनू का अपने रिश्तेदार कृत्यानंद सिंह उर्फ झमेली सिंह के पुत्र कमल किशोर सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी।
कमल किशोर सिंह ने मणिकांत सिंह को जान मारने की धमकी दी थी। शुक्रवार की शाम कमल किशोर सिंह और उनकी पत्नी अंजली देवी ने मणिकांत सिंह को अपने घर पर बुलाया और फिर लाठी डंडे से पीट-पीट कर उसे अधमरा कर दिया। करीब एक घंटे बाद मणिकांत सिंह की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या का लगाया आरोप: मणिकांत सिंह उर्फ मोनू की पीट-पीटकर की गई हत्या मामले में मृतक युवक के परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई संजीत कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता राजेंद्र सिंह और आरोपी कमल किशोर सिंह के पिता कृत्यानंद सिंह ममेरे-फुफेरे भाई हैं। जमीन का पैसा लेने के बाद भी जमीन रजिस्ट्री नहीं करने लिए को लेकर पूर्व से उन लोगों के बीच विवाद है। इसी बात को लेकर मणिकांत सिंह और कमल किशोर सिंह के बीच पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। शुक्रवार की शाम कमल किशोर सिंह उनकी पत्नी अंजली देवी और उनके परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर उनके भाई की पीट-पीट कर हत्या कर दी है। मृतक युवक के चाचा रघुनंदन सिंह ने बताया कि आरोपी कमल किशोर सिंह पूर्व से आपराधिक चरित्र का युवक है। उनका अपराधियों से सांठ-गांठ भी है। जमीन विवाद में उन्होंने उनके भतीजे की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम: घटना की सूचना के बाद शनिवार की सुबह नगर थाना पुलिस देवरिया गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है। नगर थानेदार मनीष कुमार रजक ने बताया कि मामूली विवाद में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है मृतक युवक के शरीर पर टी के कई जख्म स्पष्ट दिख रहा है सब का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है आरोपी कमल किशोर सिंह की पत्नी अंजली देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है पूछताछ के बाद घटना के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल मृतक के परिजन के द्वारा आवेदन नहीं दिया गया है। परिजनों के आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।