बोले सहरसा : पांच वर्षों में भी नहीं बना नाला, घरों के आगे हुआ जलजमाव
सहरसा नगर निगम के सराही वार्ड 40 के निवासी वर्षों से जल जमाव और सफाई की कमी से परेशान हैं। उन्होंने नगर निगम को कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। मजबूरन लोगों ने खुद चंदा इकट्ठा कर सड़क पर...
सहरसा नगर निगम के सराही वार्ड 40 के निवासी वर्षों बाद भी विकास की आस में बैठे हैं। लोगो के घरों में पानी घुसा हुआ है। इसे घर से निकालने की कोई व्यवस्था नहीं है। लोग इसे लेकर नगर निगम एवं जिला प्रशासन को शिकायत करते तक चुके हैं लेकिन समाधान नहीं निकला। मजबूरन मुहल्ले के लोगों ने खुद से चंदा इकट्ठा कर सड़क पर जमा पानी की निकासी कराते हुए आने-जाने के लिए रास्ता निकाला है। उस पर मिट्टी एवं राबिश डाला गया है। उन्होंने कहा कि यहां नगर निगम की कोई सुविधा नहीं मिल रही है। कचरा उठाव कराना बंद है। जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। हिन्दुस्तान संवाद को दौरान लोगों ने अपनी परेशानी बताई।
15 सौ की आबादी वाले मोहल्ले सराही में जल जमाव बड़ी समस्या है
40 नंबर वार्ड नगर निगम के सराही मोहल्ला के लोगों का मामला
12 महीने इस मोहल्ले में लगा रहता है पानी, बारिश के समय स्थिति बदतर
नगर निगम क्षेत्र में रहने के बाद भी सराही मुहल्ले के लोग गांवों से भी बदतर जिंदगी जी रहे हैं। यहां नाला निर्माण नहीं किया गया है। जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों एवं राहगीरों को भुगतना पड़ता है। सुभाष चौक से सराही कब्रिस्तान की ओर जाने वाली सड़क में नाला एवं सड़क निर्माण बुडको द्वारा करवाया गया है, जो बेकार साबित हो रहा है।
लोगों ने बताया कि वर्षों से हमलोग इस परेशानी से जूझ रहे हैं लेकिन इसका कोई हल नहीं हो रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासन को इसकी शिकायत की है, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है। मुख्य सड़क से अंदर जाने वाली गली में दो से तीन फीट पानी लगा हुआ है। ऐसे में मजबूरी में हमलोगों ने चंदा इकट्ठा कर मिट्टी भराई। तब जाकर आने-जाने का थोड़ा रस्ता बना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई इमरजेंसी होती है तो ऐसे में घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। घर से आधा किलोमीटर दूर घूम कर मुख्य सड़क एवं बाजार जाने के लिए निकलते हैं। लोगों ने बताया कि नाला एवं सड़क का निर्माण लगभग 2020 में शुरू किया गया था। लेकिन आज भी नहीं बना है। सभी ने मिलकर सिर्फ लूटने का काम किया है। गली के नाला को मुख्य सड़क के नाला से जोड़ना था। ताकि पानी की निकासी हो सके। लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो पाया है। नाला बंद हो गया है। जिसके कारण लोगों के घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर जमा होता है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम द्वारा पूर्व में कचरा का उठाव कराया जाता था। लेकिन वर्षों से इधर बंद कर दिया गया है। जिसके कारण सभी लोग अपने घरों का कचरा घर के आगे एवं सड़क किनारे फेंक देते हैं। इसकी बदबू से काफी परेशानी होती है। बारिश के बाद स्थिति और बदतर हो जाती है।
नगर निगम के साथ जनप्रतिनिधि भी बने हैं लापरवाह
लोगों ने बताया गया कि हमलोगों ने यह समस्या वर्षों से सभी के पास साझा की है लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका है। नगर निगम प्रशासन मूक दर्शक बना है। चुनाव के समय में हर नेता जल जमाव और नाला निर्माण सहित अन्य समस्या को मुद्दा बनाकर वोट लेकर चले जाते हैं। उसके बाद हम लोगों को देखने वाला कोई नहीं रहता है। नाला निर्माण नहीं हो रहा। जल निकासी की व्यवस्था बहाल नहीं की जाती है। नगर निगम इस पर ध्यान देकर समाधन करे।
शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी
लोगों ने बताया कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभाग के संवेदक द्वारा लोगो के घर के आगे यत्र तत्र पाइप बिछाकर छोड़ दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को आज तक पानी नहीं मिल पाया है। इसको लेकर कई बार शिकायत भी की गयी है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में हमलोग आयरन युक्त पानी पीने को मजबूर हैं। जिला प्रशासन इस और ध्यान देकर शुद्ध पेयजल मुहैया कराने की व्यवस्था करे। उन्होंने बताया लोगों के घर के आगे में बिजली पोल लगाया गया है। जिस पर हर हमेशा बिजली तार लटका रहता है। कभी भी शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें आग लग जाती है। इस पर ध्यान देना चाहिए।
शिकायत
1. जल जमाव से परेशान हैं लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं है।
2. लोगो के घरों में पानी घुसा हुआ है। निकालने का कोई व्यवस्था नहीं है।
3. नगर निगम द्वारा जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई है।
4. कचरा नहीं उठाव किया जा रहा, जिस कारण परेशानी होती है।
सुझाव
1. जल जमाव की परेशानी को नगर निगम को दूर करना चाहिए।
2. लोगो के घरों में पानी घुसा हुआ है। उसे निकालने का व्यवस्था होनी चाहिए।
3. नगर निगम द्वारा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए।
4. नियमित कचरा उठाव का व्यवस्था की जानी चाहिए।
हमारी भी सुनें
नाला का पानी घर मे घुस हुआ है। घर से निकलना मुश्किल हो गया है।इसका समाधान होना चाहिए। नारकीय जिंदगी जी रहे हैं।
नित्यानंद झा
गंदगी से हम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम एवं जिला प्रशासन समधान करे।
डॉ रंजीत कुमार रमन
कचरा नहीं उठाव किया जा रहा है। जिसके कारण कई तरह की संक्रामक बीमारी फैलने का हम लोगों को डर सता रहा है।
दिलीप कुमार
नगर निगम द्वारा कचरा का उठाव नहीं कराया जा रहा है। इसे सुचारु रूप से चालू किया जाए। गंदगी से लोगों का हाल बेहाल है।
शिवम कुमार
हल्की बारिश में भी लोगों के घर में पानी जमा हो जाता है। निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। इस दिशा में पहल की जाए।
प्रमोद ठाकुर
शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है। विभाग द्वारा यत्र-तत्र पाइप बिछा दिया गया है। लेकिन उसमें पानी नहीं है।
पिंटू झा
पेयजल एवं सार्वजनिक शौचालय का निर्माण बहुत जरूरी है। नगर निगम प्रशासन पर ध्यान दें। जल्द ही इस दिशा में कार्य हो।
संजीत कुमार
चंदा इकट्ठा करके हम लोग जल जमाव वाली जगह पर मिट्टी डाल रहे हैं। लेकिन नगर निगम का कोई अधिकारी देखने वाला नहीं है।
प्रणव कुमार
नाला सड़क एक साथ बनाया गया है। लेकिन आज तक पूर्ण नहीं हो सका जिसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।
अनिल चौधरी
नगर निगम द्वारा कोई भी विकास नहीं किया जा रहा है। नगर निगम की कोई सुविधा हम लोगों को नहीं मिल रही है।
बिकेश
नगर निगम के बनने पर काफी खुशी मिली थी लेकिन मूलभूत सुविधाओं से आज भी हम लोग दूर हैं। लगता है गांव में ही हैं।
डॉ प्रवीण
बारिश के समय में लोगों के लिए घर से निकलने का एक मात्र सहारा चचरी पुल का रह जाता है। टैक्स देते हैं फिर भी नगर निगम लापरवाह है।
नंद मोहन झा
हर गली में सड़क पर पानी लगा हुआ है। लेकिन इस ओर नहर निगम का कोई ध्यान नहीं है। हमसब उपेक्षित बने हैं।
अनमोल कुमार
स्थानीय जनप्रतिनिधि को इसकी शिकायत की लेकिन लापरवाही के कारण मूलभूत सुविधाओं से कोसों दूर है।
आनंदी देवी
जल जमाव की समस्या को लेकर नगर निगम एवं जिला प्रशासन को शिकायत की। फिर भी ध्यान नहीं दे रहे।
डॉ मुकेश पंडित
मुख्य सड़क में नाला बनाया गया है। लेकिन वो भी किसी काम का नहीं है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था ही नहीं है। इस दिशा में पहल की जाए।
उर्मिला देवी
बोले जिम्मेदार
नगर निगम के सभी वार्डों में समुचित विकास हो इसका प्रयास लगातार किया जा रहा है। शहर के सराही मोहल्ले की समस्या दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मोहल्ले में कई माह तक जलजमाव की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों को इस समस्या से निदान दिलाने की दिशा में योजना बनाकर अतिशीघ्र ही पहल की जाएगी।
-बैन प्रिया, महापौर, सहरसा नगर निगम
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।