आंधी-बारिश का दौर थमा, बिहार में 10 दिन बाद पारा फिर 40 के पार; इन जिलों में लू का अलर्ट
Bihar ka Mausam: बिहार के मौसम ने एक बार फिर गियर बदल दिया है। आंधी-बारिश का दौर थमने के बाद राज्य में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। 10 दिन बाद एक बार फिर राज्य में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है।

Bihar Weather: आंधी-बारिश का दौर थमने के बाद बिहार में एक बार फिर भीषण गर्मी का सिलसिला चल पड़ा है। प्रदेश का अधिकतम तापमान 10 दिनों के बाद गुरुवार को 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। आने वाले दिनों में लोगों को और गर्मी सताएगी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 8 और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान जताया है। इस कारण शनिवार को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व भागों का जिले गर्म एवं शुष्क रहेंगे। रविवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान में लू (हीटवेव) चलने के आसार हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिले गर्म एवं शुष्क रहेंगे।
28 अप्रैल को प्रदेश का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस डेहरी में रिकॉर्ड हुआ था। इसके बाद, 8 मई को गुरुवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस गया में दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिकॉर्ड के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के 10 जिलों में हल्की बारिश हुई। जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने से लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 22.7 डिग्री सेल्सियस बांका रहा।
पटना में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे, तापमान भी चढ़ेगा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पटना में शुक्रवार को आंशिक तौर पर बादल छाने के आसार हैं। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को राजधानी में सूरज के तल्ख तेवर के कारण अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही आर्द्रता की मात्रा 37 प्रतिशत रही।
इस कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक का अनुभव होने के कारण दोपहर के समय भीषण गर्मी का एहसास हुआ और पसीने भी छूटे। न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। वहीं मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पटना में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। राजधानी का अधिकतम तापमान 38.3 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।