करंट लगने से युवक-युवती की मौत, 9 मई लड़के की हुई थी शादी; लड़की को बचाने में गई जान
युवक की शादी इसी माह नौ तारीख को हुई थी 12 मई को दुल्हन विदा होकर ससुराल आई थी। मेंहदी का रंग फीका पड़ने से पहले ही वह विधवा हो गई। युवती को करंट लग गया था। उसे बचाने में युवक भी करंट की चपेट में आ गया।

बिहार के भोजपुर में गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ। बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गयी जिनमें एक युवक और एक युवती शामिल हैं। युवक की शादी इसी माह नौ तारीख को हुई थी 12 मई को दुल्हन विदा होकर ससुराल आई थी। मेंहदी का रंग फीका पड़ने से पहले ही वह विधवा हो गई। बताया जा रहा है कि करंट की चपेट में आई युवती को बचाने में युवक भी फंस गया और दोनों की मौत हो गई। इस घटना से दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया है। नई नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के खाखो गांव की है।
हादसे के संबंध में बताया जा रहा है कि खाखोबांध निवासी नंदन कुमार की 16 वर्षीय पुत्री कविता कुमारी खेत की ओर शौच करने गई। इसी दौरान खेत में गिरे बिजली तार की चपेट में आने से छटपटा रही थी। इसी दौरान केदार प्रसाद के पुत्र पप्पू कुमार तार छुड़ाने के दौड़ पड़ा और उसे बचाने में खुद चपेट में आ गए। दोनों की मौत हो गई। इस दौरान दो अन्य लोग करंट चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कोहराम मच गया है। मृत युवक की इसी माह शादी हुई थी।
पप्पू के घर के लोगों की स्थिति ज्यादा खराब है। घर में नई नवेली दुल्हन बैठी है और बेटा दुनिया छोड़कर चला गया। यह कहकर उसके परिवार वाले फफक फफककर रोने लगते हैं। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दिया है। खेत में तार गिरने से ग्रामीण बिजली विभाग पर काफी आक्रोशित हैं। वरीय अधिकारियों से शिकायत की तैयारी की जा रही है।